मूंज के हस्तशिल्प, पैक्ड समोसे और इत्र की खुशबू से महकेगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

WhatsApp Channel Join Now
मूंज के हस्तशिल्प, पैक्ड समोसे और इत्र की खुशबू से महकेगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो


प्रयागराज के 10 उद्यमी लगाएंगे 12 स्टॉल, वैश्विक मंच पर दिखेगा संगम नगरी के हुनर का संगम

प्रयागराज, 23 सितंबर (हि.स.)। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 में संगम नगरी के हस्तशिल्प, खानपान और परिधानों की विविधता देखने को मिलेगी। प्रयागराज के 10 उद्यमी अपने उत्पादों के साथ ट्रेड शो में हिस्सा लेंगे। इन्हें कुल 12 स्टॉल आवंटित किए गए हैं। यहां मूंज के पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के साथ पैक्ड समोसे, खादी, कपास, कढ़ाई, हस्त मुद्रण और इत्र की खुशबू भी लोगों को आकर्षित करेगी। यह जानकारी बुधवार को उपायुक्त उद्योग शरद टंडन ने दी।

उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में प्रयागराज की अलग-अलग श्रेणियों की 10 इकाइयों को अवसर मिला है। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) श्रेणी में तीन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) श्रेणी में पांच, नवोदित निर्यातक श्रेणी में एक और एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) श्रेणी में एक इकाई का चयन हुआ है। इन उद्यमियों को कुल 12 स्टॉल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को देश और दुनिया के बाजार तक पहुंचाने का अवसर देगा।

मूंज के उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान

ओडीओपी श्रेणी में प्रयागराज के मूंज हस्तशिल्प को विशेष स्थान मिला है। ‘द परफेक्ट बाजार’ के माध्यम से मूंज से बने पर्यावरण अनुकूल उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इकाई के प्रतिनिधि पवन कुमार मिश्रा के अनुसार स्टॉल पर एक दर्जन से अधिक प्रकार के उत्पाद रखे जाएंगे। इनमें घरेलू उपयोग और सजावटी सामान शामिल हैं। ये उत्पाद पहले से ही ऑनलाइन मंचों पर उपलब्ध हैं।

15 दिन तक सुरक्षित रहेगा पैक्ड समोसा

इस बार पहली बार ओडीओसी श्रेणी को ट्रेड शो में शामिल किया गया है। इसके तहत प्रयागराज के बलुआघाट स्थित मुंडा स्नैक्स के पैक्ड समोसे का चयन किया गया है। इकाई के प्रतिनिधि अमित यादव ने बताया कि ट्रेड शो के लिए पांच हजार से अधिक सूखे समोसे के टुकड़े ले जाए जा रहे हैं। विशेष पैकिंग वाले इन समोसों को घर पर करीब 15 दिन तक सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके अलावा केशरी गृह उद्योग, इकावा एग्रो और श्याम डेयरी के उत्पाद भी खानपान की श्रेणी में प्रदर्शित होंगे।

खादी, कपास और कढ़ाई के परिधान भी आकर्षण का केंद्र

परिधान श्रेणी में पुष्पांजलि की मिली मेहरोत्रा, अकील एम्ब्रायडरी के अकील अहमद और पवन मिश्रा ग्रामोद्योग के पवन मिश्रा हिस्सा ले रहे हैं। इनके स्टॉल पर खादी, कपास, कढ़ाई और हस्त मुद्रण से तैयार परिधानों को प्रदर्शित किया जाएगा।

एमएसएमई श्रेणी में पहली बार व्हिफहाउस फ्रेगरेंस को भी स्थान मिला है। इकाई के प्रतिनिधि अनवर आजम के अनुसार ट्रेड शो में परंपरा और आधुनिकता के मेल से तैयार करीब 60 तरह की खुशबू वाले इत्र प्रदर्शित किए जाएंगे।

उपायुक्त उद्योग शरद टंडन से ने कहा कि प्रयागराज के उद्यमियों और हस्तशिल्पियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ उद्यमियों को नए बाजार और संभावित खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story