सपा सरकार ने कन्या विद्याधन और लैपटॉप योजना से बालिकाओं को दिया आगे बढ़ने का अवसर : श्यामलाल पाल

WhatsApp Channel Join Now
सपा सरकार ने कन्या विद्याधन और लैपटॉप योजना से बालिकाओं को दिया आगे बढ़ने का अवसर : श्यामलाल पाल


यूपी बोर्ड में जिले में 10वां स्थान पाने वाली प्रांजलि प्रजापति को भेंट की साइकिल

प्रयागराज, 27 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार ने कन्या विद्याधन और लैपटॉप जैसी योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं और युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोले थे। लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया। यह बात बुधवार को प्रयागराज में जिले में 10वां स्थान पाने वाली छात्रा को सम्मानित करने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कही।

उन्होंने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देना और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। बुधवार को झूंसी क्षेत्र के उस्तापुर में आयोजित सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में 10वां स्थान हासिल करने वाली छात्रा प्रांजलि प्रजापति को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रांजलि, माँ रामदेई इंटर कॉलेज नीबी कला की छात्रा हैं और नीबी कला निवासी संदीप प्रजापति की पुत्री हैं।

कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेन्द्र पटेल एवं जंग बहादुर पहलवान द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्यामलाल पाल ने कहा कि समाजवादी सरकार में शुरू की गई कन्या विद्याधन योजना से लाखों बालिकाओं को लाभ मिला और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि लैपटॉप योजना ने भी छात्रों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने का कार्य किया।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने कई जनहितकारी योजनाओं को बंद कर दिया, जिससे छात्रों और विशेष रूप से बालिकाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था चुनौतियों का सामना कर रही है तथा युवाओं और बेरोजगारों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

इस अवसर पर एमएलसी मानसिंह यादव और विधायक विजमा यादव ने भी छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा और युवाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार की दिशा में कार्य करेगी।

कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, धर्मेन्द्र सिंह पटेल, जंग बहादुर पहलवान, पूरन पासी, पिंटू वर्मा, करन सोनकर, अमित कुशवाहा, सुरेश नेता, अभय राज सागर, श्याम बरन पाल, दुपेश यादव, प्रमोद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story