संत रविदास के विचार पूरे राष्ट्र के लिए अमूल्य धरोहर : नन्दी

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास के विचार पूरे राष्ट्र के लिए अमूल्य धरोहर : नन्दी


संत रविदास के विचार पूरे राष्ट्र के लिए अमूल्य धरोहर : नन्दी


शहर दक्षिणी में निकली भव्य माटी कलश यात्रा, मंत्री नन्दी ने सिर पर कलश रखकर किया भ्रमण

प्रयागराज, 31 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचार किसी एक समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे पूरे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उक्त बातें शुक्रवार को संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में भव्य माटी कलश यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जाति-पाति से ऊपर उठकर मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज में समानता, समरसता, प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत की। उन्होंने मानवता को सबसे ऊपर रखने का मार्ग दिखाया। संत रविदास के आदर्श आज भी समाज को भेदभाव से दूर रहकर एकजुट होने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर आम लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। श्रद्धा और आस्था के साथ लोगों की सहभागिता ने इस अभियान को सामाजिक सद्भाव का प्रभावी माध्यम बना दिया है।

पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत गुरु रविदास के विचारों, शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। संत रविदास ने समानता, भाईचारे, मानवता और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनका संदेश भेदभाव से ऊपर उठकर समतामूलक और मजबूत समाज बनाने की प्रेरणा देता है।

संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर शुक्रवार को समरसता संकल्प अभियान के तहत प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में भव्य माटी कलश यात्रा निकाली गई। वाराणसी स्थित संत रविदास की पावन जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी से युक्त कलश का मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलश यात्रा का अभिनंदन किया।

करेलीबाग स्थित निषादराज पार्क से ढोल-नगाड़ों और संत रविदास महाराज के जयकारों के साथ यात्रा शुरू हुई। इस दौरान मंत्री नन्दी ने सिर पर कलश रखकर यात्रा के साथ भ्रमण किया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने संत रविदास के बताए सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

निषादराज पार्क से शुरू हुई यात्रा अंबेडकर बस्ती, लाल कॉलोनी, चौक मंडल क्षेत्र के सब्जी मंडी चौराहा और खत्री पाठशाला होते हुए रोटरी पार्क पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष अनिल कुमार केसरवानी, आनंद सोनकर, कार्यक्रम संयोजक दीप द्विवेदी, मीरापुर मंडल अध्यक्ष गया प्रसाद निषाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार वैश्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष परमानंद वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story