स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा ने झोंकी ताकत, बेरोजगारों और शिक्षकों के मुद्दों पर मांग रही समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा ने झोंकी ताकत, बेरोजगारों और शिक्षकों के मुद्दों पर मांग रही समर्थन


दान बहादुर मधुर बोले—भर्तियों में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, शिक्षामित्रों का नियमितीकरण और पुरानी पेंशन प्रमुख मुद्दे

प्रयागराज, 19 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। भर्तियों में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, शिक्षामित्रों के नियमितीकरण, पुरानी पेंशन की बहाली और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी स्नातक मतदाताओं से समर्थन मांग रही है।

सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में पार्टी के नेता, विधायक, पूर्व प्रत्याशी और कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। मतदाताओं तक पहुंचने के लिए घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।

सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने जिले की विभिन्न तहसीलों का भ्रमण कर अधिवक्ताओं और स्नातक मतदाताओं से मुलाकात की। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान अधिवक्ताओं के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर एडवोकेट रोल की स्थापना की जाएगी। उन्होंने युवाओं को रोजगार देने, पेपर लीक की समस्या पर स्थायी रोक लगाने, पुरानी पेंशन बहाल करने और आउटसोर्सिंग के स्थान पर सरकारी पदों पर नियमित भर्ती करने जैसे मुद्दों पर समर्थन मांगा।

समाजवादी विचारधारा से ही आएगी खुशहाली : रेवती रमण सिंह

यमुनापार के सिरसा में आयोजित स्नातक मतदाताओं की सभा में सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह ने कहा कि समाजवादी विचारधारा पर चलकर ही देश में आपसी सौहार्द, तरक्की और खुशहाली लाई जा सकती है। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाजवादी विचारधारा को जरूरी बताया।

उन्होंने सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि वह सदन में बेरोजगारों, शिक्षकों और शिक्षामित्रों के अधिकारों की आवाज लगातार उठाते रहते हैं। ऐसे में उनका सदन में बने रहना जरूरी है, ताकि इन वर्गों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

करेली और बिजलीघर क्षेत्र में भी बैठकें

शहर के करेली में पूर्व विधायक हाजी परवेज के आवास पर बैठक हुई। इसमें शामिल स्नातक मतदाताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा। वहीं, बिजलीघर स्थित लेजर ग्रीन गेस्ट हाउस में भूपेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के बीच सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने समर्थन की अपील की।

तहसीलों में विधायक संभाल रहे प्रचार की कमान

सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर के मुताबिक, हंडिया में विधायक हाकिम लाल बिंद, प्रतापपुर में विधायक विजमा यादव, सोरांव में विधायक गीता शास्त्री और मेजा में विधायक संदीप पटेल के नेतृत्व में चुनाव प्रचार तेज किया गया है। जिन क्षेत्रों में पार्टी के विधायक नहीं हैं, वहां पूर्व प्रत्याशियों, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गंगापार के जिलाध्यक्ष अनिल यादव, यमुनापार के महासचिव इंजीनियर जगदीश यादव और महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन के नेतृत्व में भी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता अलग-अलग टीमें बनाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता पर्चियां पहुंचाने और अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं तक पार्टी का संदेश पहुंचाने में जुटे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763711 Articles

Share this story