ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति घायल
प्रयागराज, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में दारागंज थाना क्षेत्र में शास्त्री पुल पर बुधवार को ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला का पति घायल हो गया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में प्रयागराज जिले के कीडगंज थाना क्षेत्र के निर्मल नगर निवासी मिलन मिश्रा (41) पत्नी राजेश कुमार की मौत हुई है। हादसे में मोटरसाइकिल चला रहा उसका पति राजेश कुमार जख्मी हुआ है। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि झूंसी में एक सगाई कार्यक्रम से पति-पत्नी मोटरसाइकिल से घर के लिए वापस आ रहे थे। रास्ते में शास्त्री पुल पर ट्रक ने मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय ले गई। जहां महिला को मृत घोषित कर दिया और उसके पति का उपचार शुरू कर दिया। चिकित्सकों ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

