सुरों की महफिल में गूंजा प्रयागराज, आस्था गोस्वामी और प्रियंक कृष्ण को मिला ‘प्रभावती संगीत सम्मान’

WhatsApp Channel Join Now
सुरों की महफिल में गूंजा प्रयागराज, आस्था गोस्वामी और प्रियंक कृष्ण को मिला ‘प्रभावती संगीत सम्मान’


सुरों की महफिल में गूंजा प्रयागराज, आस्था गोस्वामी और प्रियंक कृष्ण को मिला ‘प्रभावती संगीत सम्मान’


सैक्सोफोन वादन और पदावली गायन ने बांधा समां, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित पांच कलाकारों का भी हुआ अभिनंदन

प्रयागराज, 26 सितंबर (हि.स.)। रवींद्रालय ऑडिटोरियम, जगत तारन कॉलेज में शनिवार को द बोगनवेलिया आर्ट फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘प्रभावती संगीत सम्मान-2026’ समारोह शास्त्रीय संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियों से सजा रहा। सैक्सोफोन वादन और पदावली गायन ने संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वृंदावन की शास्त्रीय संगीत कलाकार आस्था गोस्वामी और सैक्सोफोन वादक प्रियंक कृष्ण को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘प्रभावती संगीत सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन की संस्थापक, यात्रा लेखिका एवं ब्लॉगर डॉ. कायनात काज़ी के स्वागत संबोधन, पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद प्रख्यात सैक्सोफोन वादक प्रियंक कृष्ण ने उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी।

उन्होंने सैक्सोफोन पर गायकी और तंत्रकारी अंग का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार तालियों से गूंज उठा। प्रस्तुति के बाद उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

इसके बाद वृंदावन की प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत कलाकार आस्था गोस्वामी को ब्रज की पारंपरिक संगीत विरासत के संरक्षण और शास्त्रीय संगीत में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करने के बाद उन्होंने पदावली गायन की मनोहारी प्रस्तुति दी। उनके गायन ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। तबले पर डॉ. विनोद कुमार मिश्रा और हारमोनियम पर शमशाद अली ने प्रभावशाली संगत की।

पांच कलाकारों का भी हुआ अभिनंदन

समारोह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी से हाल ही में सम्मानित प्रयागराज के पांच कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। इनमें तबला वादक पंकज कुमार श्रीवास्तव, सुगम संगीत कलाकार मनोज कुमार गुप्ता, तबला वादक अनूप कुमार बनर्जी, नाटक लेखन एवं निर्देशन से जुड़ी सुषमा शर्मा तथा लोक संगीत कलाकार श्रीकांत वैश्य शामिल रहे।

आस्था गोस्वामी की प्रस्तुति में संगत करने वाले डॉ. विनोद कुमार मिश्रा और शमशाद अली सहित अन्य सहयोगी कलाकारों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के संरक्षक ए.पी. तिवारी ने आभार व्यक्त किया। संचालन शांभवी शुक्ला ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story