मौसम : प्रयागराज समेत तीन जिलों में रेड अलर्ट
90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी; ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी
प्रयागराज, 08 जून (हि.स.)। अगले तीन घंटों के दौरान प्रयागराज, प्रतापगढ़ और रायबरेली जनपदों के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली, मध्यम से भारी बारिश तथा ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। सोमवार रात काे भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और सचेत ऐप ने ऐसी संभावना जारी की है।
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर विकसित हो रहे तीव्र संवहनीय बादलों (कन्वेक्टिव सिस्टम) के कारण तेज आंधी, गरज-चमक और वर्षा की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों, खुले क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों तथा पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
डॉ. पांडेय ने कहा कि तेज हवाओं के कारण खड़ी फसलों, बागवानी फसलों और आम के बागों को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में किसान खेतों में रखी कृषि उपज एवं उपकरणों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदानों, जलाशयों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

