सुरक्षा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ दायित्व निभाएं आरपीएफ कर्मी : प्रदीप कुमार गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ दायित्व निभाएं आरपीएफ कर्मी : प्रदीप कुमार गुप्ता


सुरक्षा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ दायित्व निभाएं आरपीएफ कर्मी : प्रदीप कुमार गुप्ता


स्थापना दिवस पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में स्वच्छता, पौधरोपण और रक्तदान सहित कई कार्यक्रम आयोजित

प्रयागराज, 20 सितंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों का दायित्व केवल रेलवे परिसर और यात्रियों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति भी सजग रहना जरूरी है। रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज में आयोजित कार्यक्रमों में सुरक्षा बल की सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज प्रदीप कुमार गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में स्थापना दिवस पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गुब्बारे उड़ाकर किया गया। गुब्बारों के साथ रेलवे हेल्पलाइन 139 अंकित पट्टिका भी आकाश में छोड़ी गई।

इसके बाद प्रशिक्षण केंद्र परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान सभी से सार्वजनिक स्थानों और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया।

प्रशिक्षण व्यवस्था की हुई समीक्षा

महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता ने अंतरंग और बहिरंग प्रशिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें प्रशिक्षण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रशिक्षुओं को बेहतर ढंग से तैयार करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए परिसर में पौधरोपण भी किया गया। अधिकारियों और बल सदस्यों ने पौधे लगाकर हरित परिसर का संदेश दिया।

अधिकारियों और जवानों ने किया रक्तदान

मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं और अंतरंग एवं बहिरंग प्रशिक्षकों का सुरक्षा सम्मेलन भी आयोजित हुआ। सम्मेलन में रेलवे सुरक्षा, अनुशासन और प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं और कर्मचारियों के साथ पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ आयोजित किया गया। इसमें अधिकारी, बल सदस्य और प्रशिक्षु सामूहिक रूप से शामिल हुए। स्थापना दिवस के सभी कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story