रेलवे और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच सार्थक संवाद, माल लदान बढ़ाने पर जोर
प्रयागराज मंडल में फ्रेट कस्टमर मीटिंग, समस्याओं के शीघ्र समाधान का अधिकारियों ने दिया भरोसा
प्रयागराज, 01 सितंबर (हि.स.)। माल लदान को बढ़ावा देने और माल परिवहन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल कार्यालय स्थित संकल्प सभागार में 31 अगस्त को फ्रेट कस्टमर मीटिंग आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में साइडिंग और माल परिवहन से जुड़े ग्राहकों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। यह जानकारी मंगलवार को उत्तर मध्य रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
बैठक में रेलवे और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच माल ढुलाई से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारिक प्रतिनिधियों ने साइडिंग संचालन और माल परिवहन से संबंधित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। रेलवे अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार करते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
बैठक की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) शीरत फातिमा ने की। उन्होंने व्यापारिक और साइडिंग प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए रेलवे के साथ उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया।
माल लदान के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि माल लदान और माल ढुलाई के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने ग्राहकों की ओर से उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए त्वरित और प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि रेलवे और माल परिवहन से जुड़े ग्राहकों के बीच नियमित संवाद से सेवाओं को अधिक समयबद्ध, पारदर्शी और ग्राहक हितैषी बनाया जा सकता है। व्यापारिक प्रतिनिधियों के सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए।
ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि फ्रेट कस्टमर मीटिंग का उद्देश्य रेलवे और व्यापारिक क्षेत्र के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि माल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ ग्राहकों की समस्याओं का समय से समाधान रेलवे की प्राथमिकता है। व्यापारिक प्रतिनिधियों से मिले सुझावों से माल ढुलाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे लगातार अपने माल परिवहन तंत्र को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। ग्राहकों के साथ नियमित संवाद से माल लदान में वृद्धि के साथ रेलवे की सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/समन्वय मयंक राणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (ओ एंड एफ) विकास चौरसिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/सामान्य अखिलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक शैलेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय मो. जावेद अख्तर, उप मुख्य यातायात प्रबंधक/कानपुर,अकांशु गोविल, उप मुख्य यातायात प्रबंधक/टूंडला अमित आनंद , सहायक वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंडल रेल प्रबंधक ने विश्वास जताया कि रेलवे और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय से प्रयागराज मंडल भविष्य में माल लदान के निर्धारित लक्ष्यों को पार करेगा और फ्रेट ग्राहकों को अधिक बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

