सेवा और संवेदना का प्रतीक है पूनम संत महिला एवं विकास समिति : सांसद राधाकांत ओझा

WhatsApp Channel Join Now
सेवा और संवेदना का प्रतीक है पूनम संत महिला एवं विकास समिति : सांसद राधाकांत ओझा


सेवा और संवेदना का प्रतीक है पूनम संत महिला एवं विकास समिति : सांसद राधाकांत ओझा


महिलाओं के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में संस्था के कार्यों की सराहना, जन्मदिन समारोह में जरूरतमंद महिलाओं को बांटे गए उपहार

प्रयागराज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पूनम संत महिला एवं विकास समिति सेवा और संवेदना के साथ महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। महिलाओं को आगे बढ़ाने, उन्हें सम्मान दिलाने और आत्मनिर्भर बनाने में संस्था की भूमिका महत्वपूर्ण है। यह बात शुक्रवार को नवनियुक्त राज्यसभा सांसद राधाकांत ओझा ने पूनम संत महिला एवं विकास समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम संत के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में कही।

रॉयल होटल के प्रांगण में आयोजित समारोह में सांसद राधाकांत ओझा ने पूनम संत को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और भारतीय संस्कृति में उनके उच्च स्थान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है। संस्था की ओर से महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।

शहर पश्चिमी के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान से प्रेरित होकर महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, उन्हें शिक्षित करने और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता से समाज और देश का विकास मजबूत होता है।

आध्यात्मिक संत पारस महाराज और राष्ट्रीय संत बाबा हरजीत सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को पूजनीय स्थान दिया गया है। महिलाओं के सम्मान और उनकी गरिमा को जीवन में अपनाना चाहिए। वहीं, बॉलीवुड कलाकार नीलू कोहली और अमिता नागिया वंसल ने कहा कि महिलाओं के विकास के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का असर समाज में दिखाई दे रहा है।

प्रोफेसर डॉ. रंजना वाजपेयी ने कहा कि महिलाओं को शिक्षित और सशक्त बनाना पुनीत कार्य है। पूनम संत महिला एवं विकास समिति इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभा रही है।

समाजसेवा के लिए किया सम्मानित

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुशील सिन्हा ने की और संचालन संस्था के सचिव अभिषेक संत ने किया। भाजपा प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव ने बताया कि समारोह में अपने-अपने क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने के लिए डॉ. ऋतु सिन्हा, तनु अग्रवाल, राष्ट्रीय संयोजिका इजावेल इंडीस, आहना मिश्रा और आचार्य संजय बासुदेवा को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सभी सखियों को उपहार स्वरूप गैस चूल्हा, टेबल फैन, अलमारी, फ्रिज और अन्य सामान वितरित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व उप महापौर अनामिका चौधरी, अनुराग संत, डॉ. पूनम अग्रवाल, ऐना मिश्रा और शैलेंद्र श्रीवास्तव सहित कई लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765759 Articles

Share this story