आलू के फाउंडेशन बीज पर 1000 रुपये प्रति क्विंटल की छूट, ऑनलाइन करें आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
आलू के फाउंडेशन बीज पर 1000 रुपये प्रति क्विंटल की छूट, ऑनलाइन करें आवेदन


कुफरी आनंद, कुफरी ख्याति और कुफरी मोहन प्रजातियों के बीज निर्धारित दरों पर मिलेंगे

प्रयागराज, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उद्यान विभाग की ओर से जनपद के आलू उत्पादक किसानों को फाउंडेशन बीज उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने आलू बीज की विभिन्न श्रेणियों की निर्धारित दरों पर प्रति क्विंटल 1000 रुपये की छूट दी है। इच्छुक किसान और आलू उत्पादक किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) विभाग के समेकित पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि किसानों को कुफरी आनंद, कुफरी ख्याति और कुफरी मोहन प्रजातियों के आलू बीज निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। बीज की दर उसकी प्रजाति और आकार के अनुसार तय की गई है। कुफरी आनंद के सीड साइज बीज की कीमत 2630 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। इसी प्रकार कुफरी ख्याति के सीड साइज बीज की दर 2630 रुपये और ओवर साइज बीज की दर 2040 रुपये प्रति क्विंटल है। कुफरी मोहन के सीड साइज बीज की कीमत भी 2630 रुपये, जबकि ओवर साइज बीज की दर 2040 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि जनपद के लिए इन प्रजातियों के आलू बीज का आवंटन किया गया है। बीज प्राप्त करने के इच्छुक किसान और एफपीओ विभाग के नव आरंभ समेकित पोर्टल potato.uphorticulture.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र की प्रति जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन स्थित कक्ष संख्या 85 में जमा करनी होगी।

जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने कहा कि किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से आवेदन करें, ताकि उन्हें आलू बीज उपलब्ध कराया जा सके। बीज का वितरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करते समय आवश्यक जानकारी सही-सही भरें और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story