धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा अभी अंगड़ाई है, आगे बड़ी लड़ाई है : उज्ज्वल रमण सिंह

WhatsApp Channel Join Now
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा अभी अंगड़ाई है, आगे बड़ी लड़ाई है : उज्ज्वल रमण सिंह


बोले- धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा अभी शुरुआत, छात्रों को अपने हक के लिए लड़ना होगा

प्रयागराज, 25 जुलाई (हि.स.)।देशभर में परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलनों को लेकर सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने शनिवार को सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत करके परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

सांसद ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों और युवाओं का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्रालय परीक्षा व्यवस्था में हो रही गड़बड़ियों की जिम्मेदारी लेने से बच रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उज्ज्वल रमण सिंह ने दिल्ली के जंतर-मंतर और सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा, “धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा अभी अंगड़ाई है, आगे बड़ी लड़ाई है। छात्रों और युवाओं को अपने हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए तैयार रहना होगा।”

सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने कहा कि प्रयागराज में बड़ी संख्या में छात्रों का सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना इस बात का संकेत है कि सरकार की नीतियों के खिलाफ युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि “जब Gen-Z सड़क पर उतरती है तो सरकारों को अपनी नीतियों पर विचार करना पड़ता है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story