शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरेंगे राहुल गांधी : राजेंद्र पाल गौतम

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरेंगे राहुल गांधी : राजेंद्र पाल गौतम


महंगी शिक्षा और बेरोजगारी पर सरकार को लिया निशाने पर, 08 अगस्त को राहुल गांधी प्रयागराज में छात्रों से करेंगे संवाद

प्रयागराज, 02 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। उक्त बातें रविवार को प्रयागराज के पी ट्रस्ट के शंकर लाल मेमोरियल हॉल में प्रयागराज में 08 अगस्त को होने वाले राहुल गांधी के 'गूंज' छात्र संवाद कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के उत्तर प्रदेश राजेंद्र पाल गौतम ने कहीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 08 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में छात्रों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को सुनना और शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई है और उच्च शिक्षा की फीस लगातार बढ़ रही है। उनका कहना था कि महंगी शिक्षा के कारण बड़ी संख्या में सामान्य परिवारों के छात्र भी उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की स्थिति चिंताजनक है और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।

राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा सरकार पर शिक्षा और स्वास्थ्य को आम लोगों की पहुंच से दूर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों की लड़ाई जारी रखेगी और शिक्षा तथा रोजगार के मुद्दे पर सरकार को जवाबदेह बनाएगी।

वाराणसी में सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दर्ज मुकदमे के सवाल पर उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी मामलों में समान रूप से होना चाहिए और जांच एजेंसियों का निष्पक्ष तरीके से काम करना जरूरी है।

समाजवादी पार्टी से जुड़े राजनीतिक सवालों पर उन्होंने कहा कि किसी भी दल को अपने नेताओं के समर्थन में पोस्टर लगाने का अधिकार है। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देशभर में अपनी राजनीतिक ताकत को और मजबूत करेगी।

बसपा से जुड़े सवाल पर राजेंद्र पाल गौतम ने कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह उस पार्टी का आंतरिक मामला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story