सामाजिक न्याय की स्थापना ही समाजवादी पार्टी का मूल एजेंडा : डॉ. मान सिंह यादव

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक न्याय की स्थापना ही समाजवादी पार्टी का मूल एजेंडा : डॉ. मान सिंह यादव


आरक्षण दिवस पर सपा ने मनाया 'संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस', सामाजिक न्याय के पुरोधाओं को किया नमन

प्रयागराज, 26 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक न्याय की स्थापना ही समाजवादी पार्टी का मूल एजेंडा है। उक्त बातें रविवार को समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय में आयोजित गोष्ठी के मुख्य अतिथि एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. मान सिंह यादव ने कहीं।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले, डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया, मुलायम सिंह यादव और जनेश्वर मिश्र ने सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई 1902 को छत्रपति शाहूजी महाराज ने पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों की शासन व्यवस्था में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 50 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की ऐतिहासिक घोषणा की थी। इसी ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में समाजवादी पार्टी प्रत्येक वर्ष इस दिन को विशेष रूप से मनाती है।

समाजवादी पार्टी ने रविवार को आरक्षण दिवस को 'संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस' के रूप में मनाया। इस अवसर पर पार्टी के जिला एवं महानगर कार्यालयों में गोष्ठियों का आयोजन कर कोल्हापुर के तत्कालीन शासक छत्रपति शाहूजी महाराज सहित सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

सपा महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि संविधान की मूल भावना और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

जिला कार्यालय में आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव एवं जिलाध्यक्ष यमुनापार पप्पूलाल निषाद ने की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम में विधायक संदीप पटेल सहित प्रदेश महासचिव प्रकाश राय, राजू पासी, सना उल्ला खान, शिव शंकर वर्मा, जगदीश यादव, रविंद्र यादव (एडवोकेट), शांति प्रकाश पटेल, नंदलाल पटेल, संगीता पटेल, अनुराधा आंबेडकर, महेंद्र सरोज, महबूब उस्मानी, डॉ. प्रेमचंद्र कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story