त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद, जुलूस मार्गों का पहले होगा निरीक्षण : पीयूष मोर्डिया

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद, जुलूस मार्गों का पहले होगा निरीक्षण : पीयूष मोर्डिया


बारावफात, जन्माष्टमी और रक्षाबंधन को लेकर पुलिस की तैयारी तेज, संवेदनशील स्थानों पर बढ़ेगी निगरानी

प्रयागराज, 23 अगस्त (हि.स.)। आगामी रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और बारावफात सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने रविवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस निकलने वाले मार्गों का पहले से भौतिक निरीक्षण कर लिया जाए और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और सामाजिक माध्यमों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रयागराज के रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित त्रिवेणी सभागार में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने आगामी त्योहारों, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राजपत्रित अधिकारियों और संबंधित शाखा प्रभारियों ने भाग लिया, जबकि सभी थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से जुड़े।

जुलूस मार्गों पर पहले से होगा पुलिस प्रबंध

पुलिस आयुक्त ने बारावफात और अन्य जुलूसों को लेकर थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में जुलूस के पूरे मार्ग का स्वयं निरीक्षण करें। संभावित समस्याओं को पहले से चिह्नित कर उनका समाधान कराया जाए। आयोजकों, अंजुमन समितियों और जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। आवश्यकता के अनुसार पुलिस पिकेट और अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाए। जुलूस में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों की स्पष्ट जानकारी दी जाए।

लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा से अधिक न हो, इसके लिए डीजे और लाउडस्पीकर संचालकों से भी समन्वय करने के निर्देश दिए गए। आपत्तिजनक पोस्टर और सामग्री पर नजर रखने तथा सामाजिक माध्यमों पर भ्रामक या माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री मिलने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।

बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ेगी गश्त

रक्षाबंधन के दौरान प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए गए। महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर चेन छिनैती और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

पुलिस आयुक्त ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाने तथा यूपी-112 की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई करने को भी कहा गया।

जन्माष्टमी पर मंदिरों की सुरक्षा की समीक्षा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों और आयोजन स्थलों का पहले से निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। आयोजन समितियों से समय रहते संवाद कर कार्यक्रम का समय, संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेने को कहा गया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिस की रहेगी नजर

पुलिस आयुक्त ने बाढ़ प्रभावित और बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। राहत केंद्रों में रह रहे लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने को कहा गया।

24 घंटे में जनशिकायतों पर हो कार्रवाई

बैठक में जनसुनवाई की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने थाना और कार्यालय स्तर पर मिलने वाली शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करने तथा मिशन शक्ति और महिला हेल्प डेस्क की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।

पासपोर्ट, चरित्र और नौकरी से जुड़े सत्यापन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश भी दिए गए।

लंबित विवेचनाओं और अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश

पुलिस आयुक्त ने 60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण कराने को कहा। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और डिजिटल साक्ष्य जुटाने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने तथा ई-साक्ष्य से संबंधित सभी प्रविष्टियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

वांछित और वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान चलाने, हिस्ट्रीशीटरों का नियमित सत्यापन करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया। थाना प्रभारियों को फुट पेट्रोलिंग और स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

निजी वाहनों में अवैध हूटर-सायरन पर होगी कार्रवाई

पुलिस आयुक्त ने निजी वाहनों में अनधिकृत हूटर और सायरन के इस्तेमाल पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। कार एसेसरीज संचालकों से संपर्क कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि वे निजी वाहनों में अवैध रूप से हूटर या सायरन न लगाएं। निजी बस और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कराने तथा ई-रिक्शा पर मालिक या चालक का नाम और मोबाइल नंबर अंकित कराने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने सभी अधिकारियों से कहा कि त्योहारों से पहले सभी सुरक्षा तैयारियां पूरी कर उनका स्वयं पर्यवेक्षण करें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखते हुए आयोजकों, संभ्रांत नागरिकों और आमजन से लगातार संवाद बनाए रखें, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story