प्रयागराज पुलिस ने 65 लाख के 225 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज पुलिस ने 65 लाख के 225 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए


सर्विलांस टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से खोजे मोबाइल, वापस पाकर लोगों के चेहरे खिले

प्रयागराज, 12 अक्टूबर (हि.स.)। सर्विलांस सेल नगर पुलिस टीम ने लोगों के गुम हुए 225 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सोमवार को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 65 लाख 20 हजार रुपये है। पुलिस ने मोबाइल फोन का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों, कॉल विवरण, सीसीटीवी फुटेज, सीईआईआर पोर्टल और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद ली। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों ने प्रसन्नता जताई और प्रयागराज पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सर्विलांस सेल नगर की टीम ने प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए 225 मोबाइल फोन बरामद किए। सोमवार को इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर भौतिक जांच भी की गई। टीम ने कॉल विवरण, सीसीटीवी फुटेज, भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल और लोकेशन ट्रैकिंग जैसी तकनीकों का उपयोग कर मोबाइल फोन का पता लगाया। इस कार्रवाई से लोगों को उनकी बहुमूल्य वस्तुएं वापस मिलने के साथ ही उनमें सुरक्षित रखे महत्वपूर्ण आंकड़ों तक दोबारा पहुंचने का अवसर मिला।

खोया मोबाइल खोजने के लिए सीईआईआर पोर्टल पर करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या गुम होने पर अपने नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए मोबाइल खरीद की रसीद और पहचान-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। शिकायत दर्ज होने के बाद एक अनुरोध संख्या प्राप्त होती है। यदि बाद में कोई व्यक्ति उस मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता है, तो उसके संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस बरामदगी की कार्रवाई कर सकती है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

मोबाइल फोन बरामद करने वाली सर्विलांस सेल नगर की टीम में आरक्षी सौरभ उत्तम, आरक्षी चंदन शर्मा, आरक्षी ब्रह्मानंद, आरक्षी मुकेश यादव और आरक्षी राहुल कनौजिया शामिल रहे। संयुक्त कार्रवाई में झूंसी थाने के उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने भी सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story