पौधरोपण के साथ उसका संरक्षण भी उतना ही जरूरी, तभी सफल होगा पर्यावरण अभियान : प्रवीण पटेल
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना जनआंदोलन, सांसद प्रवीण पटेल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का किया आह्वान
प्रयागराज, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने सहसों में कचनार का पौध रोपित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करे और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। आज समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से पौधरोपण अभियान व्यापक रूप ले रहा है, जो भविष्य में हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने भी पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण अभियान से जुड़ना चाहिए।
वहीं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने नैनी स्थित ददरी में नगर निगम द्वारा विकसित स्मृति वाटिका में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का संरक्षण करती है, उसी प्रकार वृक्ष भी मानव जीवन को सुरक्षा, छाया और ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आग्रह किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रमुख सचिव सहकारिता एवं नोडल अधिकारी प्रयागराज अजय कुमार शुक्ला, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह तथा अन्य अधिकारियों ने शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क और मियावाकी वन क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अलावा विधायक राजमणि कोल ने बसहरा वन ब्लॉक में 7000 पौधों का पौधरोपण कराया, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने पडिला महादेव परिसर में तथा विधायक पीयूष रंजन निषाद ने अपने क्षेत्र में पौधरोपण अभियान में सहभागिता की।
जनपद के सभी विभागों, नगर निकायों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अमृत सरोवरों के किनारे बड़ी संख्या में पौधे रोपित किए गए और लोगों से ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

