एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्न को लेकर विवाद, परशुराम सेना ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्न को लेकर विवाद, परशुराम सेना ने किया प्रदर्शन


एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्न को लेकर विवाद, परशुराम सेना ने किया प्रदर्शन


प्रयागराज, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रश्न था— “अवसर के अनुसार बदल जाने वाला” इस वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन कीजिए। इसके विकल्पों में पंडित, अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी शामिल थे। इसे लेकर ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है। इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय परशुराम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित विमल तिवारी के नेतृत्व में रविवार को सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन किया गया।

परशुराम सेना के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस तरह के सवाल के माध्यम से ब्राह्मण समाज को नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल तिवारी ने कहा कि देश में ब्राह्मण समाज के साथ संवैधानिक शोषण किया जा रहा है और ब्राह्मण विरोध चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक साजिश के तहत किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर तंज कसते हुए मांग की है कि पुलिस भर्ती बोर्ड के दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story