हमारा संविधान ही हमारी पहचान, सदैव करें इसका सम्मान : विवेक सिंह
संविधान की भावना को समझकर आचरण में उतारें विद्यार्थी
प्रयागराज, 26 नवंबर (हि.स.)। हमारा संविधान ही हमारी पहचान है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसका सम्मान करे। विद्यार्थियों को संविधान की भावना को समझकर उसे अपने आचरण में उतारना चाहिए। यह बातें गुरुवार को ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सामाजिक विषय के आचार्य विवेक सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसके मूल्यों को अपनाकर ही एक जिम्मेदार नागरिक और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार और मुख्य वक्ता विवेक सिंह ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित और पुष्पार्चन कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने संविधान दिवस के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उनके वक्तव्यों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका दिखाई दी।
प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में संविधान का पालन करना चाहिए। संवैधानिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने से ही हम जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। मजबूत लोकतंत्र की नींव संवैधानिक आदर्शों के पालन से ही मजबूत होती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संवैधानिक आदर्शों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

