पिछड़ा वर्ग के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाएगी निःशुल्क ओ-लेवल एवं सीसीसी प्रशिक्षण योजना : कोमिल द्विवेदी

WhatsApp Channel Join Now
पिछड़ा वर्ग के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाएगी निःशुल्क ओ-लेवल एवं सीसीसी प्रशिक्षण योजना : कोमिल द्विवेदी


योगी सरकार की पहल से बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा कम्प्यूटर प्रशिक्षण, 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन

प्रयागराज, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी रूप से दक्ष और रोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क ओ-लेवल एवं सीसीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है। यह जानकारी देते हुए सोमवार को जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और डिजिटल कौशल विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग के युवक-युवतियों को निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

कोमिल द्विवेदी ने बताया कि योजना का लाभ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे युवक-युवतियों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो। आवेदक के पास तहसील स्तर से निर्गत आय एवं जाति प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। प्रशिक्षण हेतु न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) निर्धारित की गई है तथा आवेदक की आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की वेबसाइट तथा ओबीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण पोर्टल पर 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन प्रयागराज में जमा करनी होगी।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने युवाओं से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने तकनीकी कौशल को विकसित कर रोजगार की नई संभावनाओं से जुड़ें। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन प्रयागराज से प्राप्त की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story