नए एनसीसी पाठ्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करें एएनओ : कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत

WhatsApp Channel Join Now
नए एनसीसी पाठ्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करें एएनओ : कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत


त्रैमासिक सम्मेलन में ऑनलाइन नामांकन, नियमित कक्षाओं और कैडेटों की सक्रिय भागीदारी पर दिया जोर

प्रयागराज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। 15 यूपी बटालियन एनसीसी, प्रयागराज की कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने शनिवार को कहा कि नए एनसीसी पाठ्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया समय से पूरी की जाए। एनसीसी की नियमित कक्षाएं संचालित हों और कैडेटों को प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व तथा चरित्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल किया जाए।

शनिवार को 15 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) का त्रैमासिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने की। इसमें एनसीसी की चल रही गतिविधियों की समीक्षा के साथ एएनओ को ऑनलाइन नामांकन, एनसीसी कक्षाओं के संचालन और नए पाठ्यक्रम के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी दी गई।

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि सम्मेलन में ऑनलाइन एनसीसी नामांकन में हुए बदलावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें पंजीकरण, कैडेटों की जानकारी का सत्यापन और ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से नामांकन प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के बारे में एएनओ को जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि एनसीसी कक्षाओं और प्रशिक्षण गतिविधियों के संचालन पर भी चर्चा हुई। एएनओ को नियमित कक्षाएं चलाने, प्रशिक्षण अवधि का बेहतर उपयोग करने और संस्थान तथा बटालियन स्तर की गतिविधियों में कैडेटों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

सम्मेलन में नए एनसीसी पाठ्यक्रम को प्रमुख एजेंडे के रूप में शामिल किया गया। एएनओ को प्रशिक्षण सामग्री में हुए बदलाव और उसे लागू करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कैडेटों को व्यवस्थित और व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ प्रशिक्षण के मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया गया।

कर्नल रितु श्रीवास्तव रावत ने सभी एएनओ से बटालियन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और कैडेटों की अच्छी ट्रेनिंग, अनुशासन तथा सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सम्मेलन के दौरान प्रशिक्षण और प्रशासन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई तथा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

सम्मेलन का समापन एनसीसी प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अनुशासन, नेतृत्व, चरित्र निर्माण और उपयोगी प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story