प्रयागराज मंडल के चार रेलवे स्टेशनों पर 102 एम-यूटीएस सहायकों की होगी नियुक्ति

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज मंडल के चार रेलवे स्टेशनों पर 102 एम-यूटीएस सहायकों की होगी नियुक्ति


सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को मिलेगी पहली प्राथमिकता, सामान्य नागरिक भी कर सकेंगे आवेदन; 26 नवंबर तक जमा होंगे फार्म

प्रयागराज, 10 नवंबर (हि.स.)। रेल यात्रियों को अनारक्षित टिकट प्राप्त करने में सुविधा देने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 102 एम-यूटीएस (मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली) सहायकों की संविदा आधारित नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए इच्छुक सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और सामान्य नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रयागराज, प्रयागराज छिवकी, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर ये नियुक्तियां पायलट परियोजना के तहत की जाएंगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई है।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने मंगलवार काे बताया कि यात्रियों को अनारक्षित टिकट लेने में होने वाली परेशानी कम करने और टिकट वितरण व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कुल 102 सहायकों की नियुक्ति पूरी तरह संविदा के आधार पर 30 जून 2027 तक के लिए होगी। चयनित अभ्यर्थियों को रेलवे की नियमित सेवा का कर्मचारी नहीं माना जाएगा। उन्हें नियमितीकरण, बोनस अथवा रेलवे पास जैसी सुविधाएं भी नहीं मिलेंगी।

चार स्टेशनों पर पदों का विवरण

प्रयागराज जंक्शन पर सिटी साइड और सिविल लाइंस साइड के लिए 36, कानपुर सेंट्रल पर कैंट साइड और सिटी साइड के लिए 36, अलीगढ़ स्टेशन पर सिटी साइड और सिविल लाइंस साइड के लिए 18 तथा प्रयागराज छिवकी स्टेशन के प्रवेश द्वार की ओर 12 सहायकों की नियुक्ति की जाएगी। एक अभ्यर्थी केवल एक ही स्टेशन के लिए आवेदन कर सकेगा।

सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को पहली प्राथमिकता

भारतीय रेलवे के किसी भी विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, ऐसे कर्मचारी पात्र नहीं होंगे जिन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई या संदिग्ध ईमानदारी के आधार पर सेवा से हटाया अथवा बर्खास्त किया गया हो। चयन में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। उनके चयन के बाद रिक्त पदों पर सामान्य नागरिकों को अवसर मिलेगा। सामान्य नागरिकों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता कम से कम हाईस्कूल उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदक का संबंधित स्टेशन के जिले का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को छह महीने से अधिक पुराना न होने वाला पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित पदों से अधिक आवेदन मिलने पर लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा।

टिकट बिक्री पर मिलेगा कमीशन

इन सहायकों को रेलवे की ओर से कोई निश्चित मासिक वेतन नहीं दिया जाएगा। इसके बजाय जारी किए गए टिकटों के मूल्य के आधार पर कमीशन मिलेगा। 150 किलोमीटर तक की यात्रा के टिकट पर तीन प्रतिशत, 151 से 500 किलोमीटर तक दो प्रतिशत और 500 किलोमीटर से अधिक दूरी के टिकट पर एक प्रतिशत कमीशन निर्धारित किया गया है। यह राशि सीधे एजेंट के अग्रिम टिकट जमा खाते में जोड़ दी जाएगी।

आवेदन फार्म का मूल्य 500 रुपये निर्धारित है। इसके साथ 10 हजार रुपये की बयाना राशि (ईएमडी) डीडी, एफडीआर, मनी रसीद अथवा बैंक गारंटी के रूप में जमा करनी होगी। चयनित सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को 20 हजार रुपये और सामान्य नागरिकों को एक लाख रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा राशि जमा करनी होगी। इसमें पहले जमा की गई ईएमडी को समायोजित किया जाएगा।

रेलवे की ओर से टिकटिंग क्षेत्र में निशुल्क स्थान, छोटा काउंटर, मेज-कुर्सी, चार्जिंग प्वाइंट और उपलब्धता के अनुसार स्टेशन वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। मोबाइल उपकरण, तीन वर्ष की वारंटी वाला ब्लूटूथ प्रिंटर, सिम, इंटरनेट और निर्धारित वर्दी की व्यवस्था चयनित सहायकों को स्वयं करनी होगी।

26 नवंबर को दोपहर एक बजे तक जमा होंगे आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर को सुबह 11 बजे तक प्रयागराज, प्रयागराज छिवकी, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ के बुकिंग कार्यालयों से 500 रुपये जमा कर मूल मनी रसीद के साथ आवेदन फार्म प्राप्त कर सकते हैं। फार्म उत्तर मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.ncr.indianrailways.gov.in के टेंडर अनुभाग से भी डाउनलोड किया जा सकता है। वेबसाइट से डाउनलोड किए गए फार्म के साथ 500 रुपये का बैंक ड्राफ्ट लगाना अनिवार्य है।

पूर्ण रूप से भरे आवेदन आवश्यक दस्तावेजों और स्वहस्ताक्षरित फोटो के साथ बंद लिफाफे में 26 नवंबर को दोपहर एक बजे तक जमा करने होंगे। आवेदन प्रयागराज स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के द्वितीय तल पर वाणिज्य शाखा में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय अथवा कानपुर सेंट्रल स्टेशन भवन स्थित उप मुख्य यातायात प्रबंधक/स्टेशन निदेशक कार्यालय में रखे गए बॉक्स में डाले जा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों को उसी दिन दोपहर 3:30 बजे खोला जाएगा। डाक से भेजे गए और अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story