यूपीपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए प्रयागराज मंडल ने की विशेष यात्री व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
यूपीपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए प्रयागराज मंडल ने की विशेष यात्री व्यवस्था


वार रूम से भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की लगातार हुई निगरानी

प्रयागराज, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा-2025 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे की ओर से प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष यात्री व्यवस्थाएं की गईं। परीक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, यात्री सहायता और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए।

मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रमुख स्टेशनों पर अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। स्टेशन परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष निगरानी की गई।

दो विशेष ट्रेनों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने किया सफर

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। कानपुर सेंट्रल-झांसी परीक्षा विशेष ट्रेन कानपुर सेंट्रल से शाम 6:20 बजे रवाना हुई। इस ट्रेन से करीब 500 यात्रियों ने यात्रा की।

वहीं, कानपुर सेंट्रल-फतेहपुर पैसेंजर ट्रेन का विस्तार प्रयागराज जंक्शन तक किया गया। इस ट्रेन से करीब 800 यात्रियों ने यात्रा की। इस व्यवस्था से परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी सुविधा मिली।

वार रूम से लगातार हुई निगरानी

प्रयागराज मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या और भीड़ की स्थिति की लगातार वार रूम से निगरानी की गई। आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनी रही।

अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र और यात्री सहायता केंद्रों को सक्रिय रखा गया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त टिकट काउंटर भी संचालित किए गए। यात्रियों को ट्रेनों के समय, प्लेटफॉर्म और स्टेशन से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने की अपील

रेल प्रशासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से अपील की कि वे पर्याप्त समय लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचें। साथ ही रेलवे परिसर में अनुशासन बनाए रखें और स्टेशन पर तैनात रेल कर्मचारियों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि परीक्षा को देखते हुए प्रयागराज मंडल ने अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता दी। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ यात्री सहायता, टिकट व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए। वार रूम के माध्यम से सभी प्रमुख स्टेशनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षा के दौरान यात्री सुविधा, सुरक्षित आवागमन और भीड़ के प्रभावी प्रबंधन के लिए की गई व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story