बीना स्टेशन पर एनआई कार्य से छह ट्रेनों के मार्ग में बदलाव

WhatsApp Channel Join Now
बीना स्टेशन पर एनआई कार्य से छह ट्रेनों के मार्ग में बदलाव


प्रयागराज, 26 अगस्त (हि.स.)। झांसी के बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनों के मार्ग में संशोधन किया है। यह जानकारी बुधवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

उन्होंने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे की ओर से जारी संशोधित सूचना के अनुसार गोरखपुर-ओखा, ओखा-गोरखपुर, सूरत-मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर-सूरत, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया और बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के मार्ग बदले गए हैं। यात्रियों को यात्रा से पहले संशोधित मार्ग की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

रेल प्रशासन के अनुसार बीना-आगासौद के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए यार्ड रीमॉडलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इसके कारण कुछ ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

इन ट्रेनों के मार्ग बदले

15045 गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस 24 सितंबर से 15 अक्टूबर तक ग्वालियर-शिवपुरी-गुना होकर चलेगी। इस दौरान चार फेरे होंगे।

15046 ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस 20 सितंबर से 11 अक्टूबर तक गुना-शिवपुरी-ग्वालियर मार्ग से संचालित होगी। इसके चार फेरे होंगे।

19053 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 18 सितंबर से 9 अक्टूबर तक गुना-शिवपुरी-ग्वालियर होकर चलेगी। इसके चार फेरे होंगे।

19054 मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस 20 सितंबर से 11 अक्टूबर तक ग्वालियर-शिवपुरी-गुना मार्ग से चलेगी। इसके चार फेरे होंगे।

11071 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया एक्सप्रेस 7 से 14 अक्टूबर तक संशोधित मार्ग से चलेगी। अब यह इटारसी-जबलपुर-कटनी होकर संचालित होगी। इसके आठ फेरे होंगे।

11072 बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 7 से 14 अक्टूबर तक कटनी-जबलपुर-इटारसी मार्ग से चलेगी। इसके आठ फेरे होंगे।

यात्रियों से सहयोग की अपील

जनसंपर्क अधिकारी अमित ने बताया कि अधोसंरचना को बेहतर बनाने के लिए बीना स्टेशन पर यह महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संशोधित मार्ग की सूचना जारी की गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि संबंधित अवधि में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग और परिचालन की नवीनतम जानकारी अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन को होने वाली असुविधा के लिए खेद है और यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story