स्टील गर्डर लॉन्चिंग की वजह से कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, कुछ के समय में बदलाव

WhatsApp Channel Join Now
स्टील गर्डर लॉन्चिंग की वजह से कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, कुछ के समय में बदलाव


प्रयागराज, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में गाजियाबाद-टूंडला रेलखंड के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या 152बी के स्थान पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए स्टील गर्डर लॉन्चिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसका असर टूंडला-मारियाहू रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा। कई ट्रेनों को निर्धारित समय से कुछ देर नियंत्रित कर चलाया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

रेलवे के अनुसार, 15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस को 16, 18, 19 और 21 अगस्त को 60 मिनट तथा 17 और 20 अगस्त को 90 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा। 14217 प्रयागराज संगम-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 17, 19, 20 और 22 अगस्त को 25 मिनट तथा 18 और 21 अगस्त को 45 मिनट नियंत्रित कर संचालित होगी।

इसी तरह 12801 पुरी-नई दिल्ली एक्सप्रेस 16, 18, 19 और 21 अगस्त को 15 मिनट तथा 17 और 20 अगस्त को 35 मिनट नियंत्रित रहेगी। 15025 मऊ-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 18 और 21 अगस्त को 65 मिनट, जबकि 12397 गया-नई दिल्ली एक्सप्रेस 18 और 21 अगस्त को 25 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।

इसके अलावा 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस तथा 02569 दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस को 18 और 21 अगस्त को 15-15 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा।

वलसाड में भी प्रभावित रहेगा रेल संचालन

पश्चिम रेलवे के वलसाड स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग की कमीशनिंग का काम होने के कारण कुछ ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा। 12944 कानपुर सेंट्रल-वलसाड एक्सप्रेस 21 अगस्त को वलसाड के बजाय भेस्तान स्टेशन तक ही जाएगी। वहीं 19051 वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 22 अगस्त को वलसाड के बजाय भेस्तान स्टेशन से रवाना होगी।

इसी तरह 04119 सूबेदारगंज-वलसाड एक्सप्रेस 22 अगस्त को वलसाड के बजाय उधना स्टेशन तक ही जाएगी। 04120 वलसाड-सूबेदारगंज एक्सप्रेस 23 अगस्त को वलसाड के बजाय उधना स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि निर्माण और तकनीकी कार्यों के कारण ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन और समय की ताजा जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस ऐप से अवश्य प्राप्त कर लें। इससे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति की सही जानकारी मिल सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story