प्रयागराज-वेरावल स्पेशल ट्रेन को झींझक और फफूंद में मिला ठहराव

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज-वेरावल स्पेशल ट्रेन को झींझक और फफूंद में मिला ठहराव


प्रयागराज, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज-वेरावल-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन को दो नए स्टेशनों पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। अब गाड़ी संख्या 04173/04174 का झींझक और फफूंद स्टेशनों पर भी ठहराव होगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को प्रयागराज और वेरावल के बीच सीधे रेल सफर की सुविधा मिलेगी। यह जानकारी बुधवार काे उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

रेल प्रशासन के अनुसार 04173 प्रयागराज-वेरावल विशेष ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को प्रयागराज से 13 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक चलेगी। वहीं 04174 वेरावल-प्रयागराज विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को वेरावल से 14 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक संचालित होगी।

नई समय-सारणी के अनुसार प्रयागराज से चलने वाली ट्रेन संख्या 04173 झींझक स्टेशन पर दोपहर 1:48 से 1:50 बजे तक और फफूंद स्टेशन पर दोपहर 2:13 से 2:15 बजे तक रुकेगी। इसके बाद ट्रेन इटावा स्टेशन पर दोपहर 2:43 से 2:45 बजे तक पहुंचेगी। इटावा के समय में भी बदलाव किया गया है।

वापसी में ट्रेन संख्या 04174 फफूंद स्टेशन पर रात 12:10 से 12:12 बजे तक और झींझक स्टेशन पर रात 12:28 से 12:30 बजे तक रुकेगी। इटावा स्टेशन के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

अमित मालवीय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय मांग को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज-वेरावल विशेष ट्रेन को झींझक और फफूंद में अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। इससे इन स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को प्रयागराज तथा गुजरात के वेरावल की ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने यात्रियों से यात्रा से पहले संशोधित समय-सारणी की जानकारी लेने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story