शारदीय नवरात्र मेले को लेकर विंध्याचल स्टेशन पर विशेष इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
शारदीय नवरात्र मेले को लेकर विंध्याचल स्टेशन पर विशेष इंतजाम


टिकट, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाईं, आरपीएफ-जीआरपी के जवान रहेंगे तैनात

प्रयागराज, 07 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि मेले में विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। 11 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले मेले को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर से विंध्याचल स्टेशन पर टिकट, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, खानपान और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को बढ़ाया गया है।

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार काे बताया कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने बताया कि विंध्याचल स्टेशन पर तीन अनारक्षित टिकट काउंटर और एक पूछताछ केंद्र संचालित किया जाएगा। आरक्षित टिकट काउंटर को दो शिफ्ट में चलाया जाएगा। टिकट व्यवस्था के लिए आठ अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि टिकट जांच और यात्रियों की सहायता के लिए 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ लगाए जाएंगे।

स्टेशन पर पहले से संचालित पांच खानपान स्टॉल यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगे। मेले के दौरान आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में ट्रेनों को विंध्याचल स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। यात्रियों के लिए पर्याप्त पेयजल प्वाइंट बनाए गए हैं। इसके अलावा 15 पुरुष और 15 महिला अतिरिक्त शौचालय तथा अस्थायी यात्री शेड की व्यवस्था की गई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा। स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, बस स्टैंड और मंदिर के आसपास रेलवे की समय-सारिणी तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मेला अवधि में यात्रियों की सहायता और स्वास्थ्य सुविधा के लिए सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट एवं गाइड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मेला अवधि में अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान भी तैनात रहेंगे। रेलवे का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्टेशन पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेले के दौरान यात्री सुरक्षित एवं सुगम तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761691 Articles

Share this story