आरआरबी लेवल-1 भर्ती परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराना हमारी प्राथमिकता : उमरे
उत्तर मध्य रेलवे के 24 परीक्षा केंद्रों पर 3 से 25 अगस्त तक होगी सीबीटी परीक्षा, सुरक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा के विशेष इंतजाम
प्रयागराज, 01 अगस्त (हि.स.)। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर मध्य रेलवे के 24 परीक्षा केंद्रों पर 3 से 25 अगस्त तक होगी सीबीटी परीक्षा, सुरक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यह जानकारी शनिवार को उमरे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर रेलवे अधिकारियों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 3 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक कुल 16 परीक्षा दिवसों में 48 पारियों में आयोजित होगी। इस भर्ती अभियान के तहत देशभर में 22,195 पदों पर भर्ती की जाएगी। परीक्षा के लिए 144 शहरों के 335 केंद्रों पर 52.39 लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
अमित मालवीय ने बताया कि आरआरबी प्रयागराज के क्षेत्राधिकार में कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और मुरादाबाद में 25 केंद्र, जबकि उत्तराखंड के रुड़की और देहरादून में 3 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों और वर्कशॉप में 1,183 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रयागराज में 10, कानपुर में 4 , अलीगढ़ में 2, आगरा में 7 और झांसी में 1 परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक केंद्र पर रेलवे अधिकारियों को समन्वयक के रूप में तैनात किया गया है, जबकि बड़े केंद्रों पर दो-दो अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर 100 प्रतिशत सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम की व्यवस्था तथा आरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों की सहायता और परीक्षा संचालन के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले ही आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
अमित मालवीय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने ई-कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों का पालन करें, निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा कराने में रेलवे का सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

