रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र में 64 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

WhatsApp Channel Join Now
रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र में 64 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान


रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र में 64 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान


प्रधानाचार्य सीताराम प्रजापति ने पहला रक्तदान कर किया शिविर का शुभारंभ

प्रयागराज, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय रेल रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र (आईआरटीएमटीसी), प्रयागराज में शनिवार को सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इलाहाबाद नर्सिंग होम एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित शिविर में केंद्र के अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कुल 64 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद के लिए अपना योगदान दिया।

शिविर का शुभारंभ केंद्र के प्रधानाचार्य सीताराम प्रजापति ने स्वयं रक्तदान करके किया। उनके रक्तदान करने के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं में भी रक्तदान के प्रति उत्साह बढ़ा। इस दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व और इससे जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी गई।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने शनिवार काे बताया कि रक्तदान शिविर के माध्यम से रेल कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने सामाजिक सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया है। रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को अचानक पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं और आयोजन में सहयोग करने वाली संस्था के प्रति आभार जताया।

प्रधानाचार्य सीताराम प्रजापति ने कहा कि रक्तदान महान सामाजिक सेवा है। इसके माध्यम से संकट में पड़े किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं और इलाहाबाद नर्सिंग होम एसोसिएशन की टीम का आभार व्यक्त किया।

शिविर के दौरान लोगों को रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों और मानव जीवन में इसके महत्व के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं की सहभागिता ने सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story