रक्षाबंधन पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा छह विशेष ट्रेनें
सूबेदारगंज से शकूरबस्ती के बीच तीन जोड़ी ट्रेनें, कानपुर और अलीगढ़ के लिए भी अतिरिक्त सेवा
प्रयागराज, 22 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने अतिरिक्त रेल सेवाओं की व्यवस्था की है। यात्रियों की सुविधा के लिए सूबेदारगंज–शकूरबस्ती के बीच तीन विशेष ट्रेनों के अलावा नई दिल्ली–कानपुर सेंट्रल, आनंद विहार टर्मिनल–कानपुर सेंट्रल और गाजियाबाद–अलीगढ़ के बीच भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। यह जानकारी शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और उपलब्धता की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें।
सूबेदारगंज–शकूरबस्ती के बीच तीन विशेष ट्रेनें
02275/02276 सूबेदारगंज–शकूरबस्ती विशेष ट्रेन के तीन फेरे लगाए जाएंगे। सूबेदारगंज से यह ट्रेन 25, 28 और 30 अगस्त को रवाना होगी, जबकि शकूरबस्ती से 26, 29 और 31 अगस्त को वापसी करेगी। ट्रेन में 20 कोच होंगे, जिनमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।
इसी तरह 04147/04148 सूबेदारगंज–शकूरबस्ती विशेष ट्रेन का एक-एक फेरा होगा। सूबेदारगंज से 26 अगस्त और शकूरबस्ती से 27 अगस्त को इसका संचालन किया जाएगा। इसमें कुल 22 कोच होंगे।
04163/04164 सूबेदारगंज–शकूरबस्ती विशेष ट्रेन का भी एक-एक फेरा लगाया जाएगा। यह ट्रेन 27 अगस्त को सूबेदारगंज से और 28 अगस्त को शकूरबस्ती से चलेगी। इसमें कुल 22 कोच होंगे। ये तीनों ट्रेनें फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और दिल्ली होते हुए शकूरबस्ती पहुंचेंगी।
नई दिल्ली–कानपुर के बीच पांच फेरे
यात्रियों की सुविधा के लिए 02456/02455 नई दिल्ली–कानपुर सेंट्रल आरक्षित सुपरफास्ट विशेष ट्रेन के पांच फेरे लगाए जाएंगे। नई दिल्ली से यह ट्रेन 28, 29 और 31 अगस्त तथा 2 और 4 सितंबर को चलेगी। वापसी में कानपुर सेंट्रल से भी इन्हीं तिथियों पर ट्रेन संचालित होगी।
यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 7:15 बजे रवाना होकर अलीगढ़, टूंडला और इटावा होते हुए दोपहर 12:30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी में कानपुर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन में स्लीपर और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के कुल 22 कोच होंगे।
आनंद विहार–कानपुर के बीच तीन फेरे
02458/02457 आनंद विहार टर्मिनल–कानपुर सेंट्रल आरक्षित सुपरफास्ट विशेष ट्रेन के तीन फेरे लगाए जाएंगे। आनंद विहार टर्मिनल से यह ट्रेन 30 अगस्त, 1 और 3 सितंबर को चलेगी। वापसी में कानपुर सेंट्रल से भी इन्हीं तिथियों पर संचालन होगा।
यह ट्रेन आनंद विहार से सुबह 7:20 बजे रवाना होकर अलीगढ़, टूंडला और इटावा होते हुए दोपहर 12:30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी में कानपुर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर शाम 7:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
गाजियाबाद–अलीगढ़ के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन
04412/04411 गाजियाबाद–अलीगढ़ अनारक्षित विशेष ट्रेन के दो फेरे 27 और 28 अगस्त को लगाए जाएंगे। गाजियाबाद से यह ट्रेन सुबह 11 बजे रवाना होकर मारीपत, दादरी, बोराकी, अजायबपुर, दनकौर, खुर्जा, सोमना सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर 1 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में अलीगढ़ से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर शाम 4 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। ट्रेन में 12 डिब्बे होंगे।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए समय से स्टेशन पहुंचें, सामान की सुरक्षा का ध्यान रखें और वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

