शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को रेलवे सुरक्षा बल ने किया नमन
उत्तर मध्य रेलवे के सूबेदारगंज प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुई शहीद परेड, अधिकारियों और जवानों ने दी श्रद्धांजलि
प्रयागराज, 21 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल के शहीद जवानों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल की ओर से बुधवार को सूबेदारगंज स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में शहीद परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्ष 2025-26 में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए बल सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता ने शहीद बल सदस्यों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने मौन रखकर शहीदों को याद किया तथा उनके अदम्य साहस, कर्तव्य के प्रति निष्ठा और समर्पण को नमन किया।
शहीद परेड के माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल के उन वीर सदस्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया, जिन्होंने ड्यूटी का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका त्याग और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता बल के प्रत्येक सदस्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार, प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद सहित रेलवे सुरक्षा बल मुख्यालय, मंडल और क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
शहीद परेड ने बल के सदस्यों को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने शहीद जवानों के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

