रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने चलाईं 12 विशेष ट्रेनें
प्रयागराज, 25 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने 12 विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन ट्रेनों के जरिए प्रयागराज समेत प्रमुख शहरों से दिल्ली, वाराणसी, झांसी, खजुराहो, कानपुर, अलीगढ़ और मथुरा के बीच यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे का उद्देश्य पर्व के दौरान यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने मंगलवार काे बताया कि रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर ‘मेरी सहेली’ टीम को भी विशेष रूप से तैनात किया गया है।
सूबेदारगंज से दिल्ली के लिए कई विशेष ट्रेनें
सूबेदारगंज-शकूरबस्ती विशेष ट्रेन (02275/02276) सूबेदारगंज से 25, 28 और 30 अगस्त को चलेगी, जबकि वापसी में शकूरबस्ती से 26, 29 और 31 अगस्त को संचालन होगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04147/04148 सूबेदारगंज से 26 अगस्त और शकूरबस्ती से 27 अगस्त को चलेगी। ट्रेन संख्या 04163/04164 सूबेदारगंज से 27 अगस्त और शकूरबस्ती से 28 अगस्त को संचालित होगी।
झांसी और खजुराहो से दिल्ली के लिए अतिरिक्त ट्रेनें
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से हजरत निजामुद्दीन के बीच ट्रेन संख्या 01901/01902 का 27 और 28 अगस्त को संचालन होगा। ट्रेन संख्या 01903/01904 झांसी से 26 से 30 अगस्त और निजामुद्दीन से 27 से 31 अगस्त तक चलेगी।
खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन (01913/01914) खजुराहो से 26, 28 और 30 अगस्त तथा निजामुद्दीन से 27, 29 और 31 अगस्त को चलेगी।
कानपुर, अलीगढ़ और मथुरा के लिए भी सुविधा
गाजियाबाद-अलीगढ़ जंक्शन के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन (04412/04411) 27 और 28 अगस्त को दोनों दिशाओं में चलेगी। नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल के बीच अनारक्षित ट्रेन (02456/02455) 28, 29 और 31 अगस्त तथा दो और चार सितंबर को चलेगी। आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल के बीच आरक्षित विशेष ट्रेन (02458/02457) 30 अगस्त तथा एक और तीन सितंबर को दोनों दिशाओं में संचालित होगी।
हजरत निजामुद्दीन-मथुरा जंक्शन के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन (04410/04409) 27 और 28 अगस्त को चलेगी।
प्रयागराज से बनारस और सूबेदारगंज से औड़िहार तक भी विशेष सेवा
प्रयागराज-बनारस दैनिक विशेष ट्रेन (01915/01916) का संचालन 29 अगस्त तक जारी रहेगा। वहीं सूबेदारगंज-औड़िहार दैनिक विशेष ट्रेन (01917/01918) 29 और 30 अगस्त तक चलेगी। इन दोनों सेवाओं के कुल 32-32 फेरे निर्धारित किए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की तिथि और अन्य विवरण की पुष्टि कर लें। रक्षाबंधन के अवसर पर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

