सरकारी उपलब्धियों की प्रदर्शनी में दिख रहा रेलवे का आधुनिक रूप
कवच, आधुनिक सिग्नलिंग, वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों की उपलब्धियां प्रदर्शित
प्रयागराज, 25 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ‘गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026’ में उत्तर मध्य रेलवे अपनी आधुनिक तकनीक, सुरक्षित रेल संचालन और यात्री सुविधाओं से जुड़ी उपलब्धियों का प्रदर्शन कर रहा है। 25 से 27 जुलाई तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में आम लोगों को रेलवे में हो रहे बदलावों और नई तकनीक की जानकारी दी जा रही है। यह जानकारी शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
उन्होंने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के प्रदर्शनी स्टॉल पर ‘कवच’ स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक, मजबूत रेल ढांचा, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे स्टेशन, वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित की गई है।
प्रदर्शनी में उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों की प्रमुख उपलब्धियों, रेल मार्गों, परिचालन क्षमता और विकास कार्यों को भी दर्शाया गया है। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा-वृंदावन, आगरा, ग्वालियर, झांसी, खजुराहो, चित्रकूट और ओरछा जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए रेल संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
आम लोगों को मिल रही रेलवे की नई तकनीक की जानकारी
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि यह प्रदर्शनी रेलवे की आधुनिक तकनीक और यात्री सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का अच्छा माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को सुरक्षित रेल संचालन, आधुनिक तकनीक, बेहतर यात्री सुविधाओं और रेलवे के विकास कार्यों की जानकारी सरल तरीके से दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों की भी रुचि देखने को मिल रही है। इससे लोगों को भारतीय रेल में हो रहे तकनीकी बदलाव और यात्री सुविधाओं में किए जा रहे सुधारों को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

