‘अब दो नहीं, चार’ श्रेणियों में करें कचरे का पृथक्करण : उत्तर मध्य रेलवे

WhatsApp Channel Join Now
‘अब दो नहीं, चार’ श्रेणियों में करें कचरे का पृथक्करण : उत्तर मध्य रेलवे


‘अब दो नहीं, चार’ श्रेणियों में करें कचरे का पृथक्करण : उत्तर मध्य रेलवे


रेल गांव कॉलोनी में जनभागीदारी जागरूकता अभियान, सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी और घर पर खाद बनाने का दिया संदेश

प्रयागराज, 24 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत उत्तर मध्य रेलवे की रेलगांव कॉलोनी, सूबेदारगंज में गुरुवार को जनभागीदारी जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में कॉलोनीवासियों को कचरे के सही पृथक्करण, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और घरों में गीले कचरे से खाद बनाने के प्रति जागरूक किया गया।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक उत्तर मध्य रेलवे के सभी मंडलों, कारखानों, इकाइयों और कार्यालयों में चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रेलगांव कॉलोनी में आयोजित अभियान का उद्देश्य लोगों को कचरे के स्रोत पर ही उचित पृथक्करण के लिए प्रेरित करना था।

अभियान का नेतृत्व प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी और प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. गोपा मजमूदार ने किया। इस दौरान कॉलोनीवासियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, कचरा पृथक्करण और ‘प्लास्टिक को ना कहें’ जैसे विषयों की जानकारी दी गई।

कॉलोनीवासियों को कचरे की चार श्रेणियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। हरे रंग के डिब्बे में गीला कचरा, नीले में सूखा कचरा, लाल में सैनिटरी कचरा और काले डिब्बे में विशेष देखभाल वाले कचरे को रखने की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि अब कचरे को केवल दो नहीं, बल्कि चार श्रेणियों में अलग-अलग रखना है।

अभियान के दौरान कचरा जलाने के बजाय गीले कचरे से खाद बनाने के लिए गड्ढा या कंपोस्ट पिट तैयार करने की सलाह दी गई। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और खरीदारी के लिए कपड़े के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कॉलोनी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और स्टॉलों पर भी कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य पर्यावरण एवं गृहव्यवस्था प्रबंधक मनीष कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. प्रकाश मुर्मू, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल कुमार पोद्दार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार गुप्ता, वरिष्ठ खंड अभियंता, पर्यावरण एवं गृहव्यवस्था प्रबंधक अखिलेश सिंह और स्वास्थ्य निरीक्षक सत्यम सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story