उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में 388 कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों के बने आयुष्मान कार्ड

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में 388 कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों के बने आयुष्मान कार्ड


महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देश पर पात्र श्रमिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ने का अभियान जारी

प्रयागराज, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में अब तक 388 कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देश पर पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ने का काम जारी है। प्रयागराज मंडल में 145, झांसी मंडल में 140 और आगरा मंडल में 103 श्रमिकों के कार्ड बनाए गए हैं।

उत्तर मध्य रेलवे की इस पहल का उद्देश्य जरूरत के समय श्रमिकों और उनके पात्र परिवार के सदस्यों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। कॉन्ट्रैक्ट श्रमिक रेलवे के विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा को लेकर यह पहल महत्वपूर्ण है।

कैशलेस उपचार की सुविधा

आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थी सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित उपचार का लाभ कैशलेस और पेपरलेस तरीके से ले सकते हैं। इससे उपचार के समय तत्काल बड़ी राशि की व्यवस्था करने की जरूरत कम होती है।

योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है। इसके तहत पात्रता और निर्धारित पैकेज के अनुसार विभिन्न गंभीर बीमारियों और अस्पताल में भर्ती होने वाले उपचारों का लाभ लिया जा सकता है।

रेलवे की ओर से पात्र कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों की पहचान की जा रही है। पात्रता की पुष्टि के बाद उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को योजना से जोड़ना है।

जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि कॉन्ट्रैक्ट श्रमिक रेलवे के कामकाज में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनके स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा भी हमारी प्राथमिकता है। पात्र श्रमिकों को आयुष्मान योजना से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसका प्रयास है कि जरूरत के समय उन्हें और उनके परिवार को उपचार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सके।

उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में कार्ड बनाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इससे पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story