सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा को मिला ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा को मिला ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ सम्मान


30 वर्ष की उत्कृष्ट सेवा, तीन जीवित बमों को सुरक्षित निकालने और करीब 500 बच्चों के रेस्क्यू में निभाई अहम भूमिका

प्रयागराज, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा को करीब 30 वर्षों की उत्कृष्ट और समर्पित सेवा के लिए भारतीय पुलिस एवं सुरक्षा बल का ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ प्रदान किया गया है। उनकी साहसपूर्ण कार्रवाई, कर्तव्य के प्रति समर्पण, यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा में योगदान तथा प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं को देखते हुए उन्हें यह सम्मान मिला है।

वर्तमान में कानपुर में सहायक सुरक्षा आयुक्त के पद पर कार्यरत विवेक वर्मा ने अपने सेवाकाल में रेलवे संपत्ति की चोरी समेत कई महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2002 में मेलानी एक्सप्रेस से तीन जीवित बमों को सुरक्षित बाहर निकालने में उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। इस कार्रवाई से कई यात्रियों की जान बचाई जा सकी। इसके अलावा रेलवे क्षेत्र में मिले करीब 500 बच्चों के रेस्क्यू और संरक्षण में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी अहम योगदान

विवेक वर्मा डीओपीटी और बीपीआरएंडडी के प्रमाणित प्रशिक्षक रहे हैं। उन्होंने करीब नौ वर्षों तक आरपीएफ अकादमी में यूपीएससी से चयनित प्रशिक्षु अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने में योगदान दिया। अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग से विस्फोटक घटनाओं से निपटने का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को भी इस संबंध में प्रशिक्षित किया।

उन्होंने हॉट स्प्रिंग्स, लेह में पुलिस दल में आरपीएफ का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में विभिन्न विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में भी चुनाव ड्यूटी निभाई। यूआईसी-2023, अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट-2024 और वर्ष 2025 के महाकुंभ के दौरान भी उन्होंने उत्कृष्ट सेवाएं दीं।

सेवा अभिलेख में 70 गुड सर्विस एंट्री

विवेक वर्मा के सेवा अभिलेख में भी उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली का उल्लेख मिलता है। पिछले वर्षों की एपीएआर प्रविष्टियों में अधिकांश वर्षों में उन्हें ‘आउटस्टैंडिंग’ श्रेणी प्राप्त हुई है। उनके सेवा अभिलेख में 70 गुड सर्विस एंट्री दर्ज हैं। इसके अलावा महानिदेशक आरपीएफ, महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और आरपीएफ अकादमी स्तर से उन्हें कई प्रशंसा और पुरस्कार मिल चुके हैं।

सत्यनिष्ठा और समर्पण के लिए सम्मान

प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि विवेक वर्मा की करीब तीन दशक की निष्कलंक सेवा, साहसपूर्ण कार्रवाई, पेशेवर दक्षता और प्रशिक्षण के क्षेत्र में योगदान उल्लेखनीय रहा है। यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाने की क्षमता को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि विवेक वर्मा की उपलब्धि रेलवे सुरक्षा बल के अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story