गृहकर ओटीएस योजना को मिला अच्छा प्रतिसाद, 26,844 भवन स्वामियों ने किया आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
गृहकर ओटीएस योजना को मिला अच्छा प्रतिसाद, 26,844 भवन स्वामियों ने किया आवेदन


एक दिन में आए 1,926 आवेदन, नगर निगम को मिला 6.82 करोड़ रुपये का राजस्व 15 दिसंबर तक पूरा बकाया जमा करने पर मिलेगी ब्याज में छूट

प्रयागराज, 14 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम की गृहकर एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को शहर के भवन स्वामियों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 नवंबर को समाप्त हो गई। इस अवधि तक कुल 26,844 भवन स्वामियों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है। वहीं, अंतिम दिन एक ही दिन में 1,926 आवेदन प्राप्त हुए। योजना के माध्यम से नगर निगम को अब तक 6.82 करोड़ रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ है। यह जानकारी शनिवार को नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई ने दी।

उन्होंने बताया कि ओटीएस योजना के प्रति भवन स्वामियों का उत्साह देखने को मिला है। बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन कर बकाया गृहकर जमा करने और ब्याज में छूट का लाभ लेने की पहल की है। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर आवेदन करने की अंतिम तिथि थी, लेकिन योजना अभी समाप्त नहीं हुई है। जिन भवन स्वामियों ने निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर दिया है, उन्हें बकाया गृहकर जमा करने का अवसर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी आवेदक भवन स्वामियों को 15 दिसंबर 2026 तक अपने बकाया गृहकर की पूरी धनराशि जमा करनी अनिवार्य है। निर्धारित समय तक संपूर्ण भुगतान नहीं करने पर उनका आवेदन स्वतः निरस्त हो जाएगा। ऐसी स्थिति में उन्हें ओटीएस योजना के तहत मिलने वाली ब्याज की छूट का लाभ भी नहीं मिल सकेगा।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने सभी आवेदकों से अपील की कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना 15 दिसंबर से पहले अपना पूरा बकाया गृहकर जमा कर दें। इससे उन्हें योजना के तहत मिलने वाली ब्याज छूट का लाभ सुनिश्चित हो सकेगा। साथ ही नगर निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी, जिससे शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story