प्रयागराज के खुल्दाबाद में निर्माणाधीन भवन क्षतिग्रस्त होने पर सख्ती, ठेकेदार पर 10 लाख का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज के खुल्दाबाद में निर्माणाधीन भवन क्षतिग्रस्त होने पर सख्ती, ठेकेदार पर 10 लाख का जुर्माना


थर्ड पार्टी जांच एजेंसी बीएलजी पर भी पांच लाख का अर्थदंड, इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस

प्रयागराज, 25 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम के खुल्दाबाद जोनल कार्यालय के निर्माणाधीन भवन का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिरने के मामले में नगर आयुक्त साई तेजा ने सख्त कार्रवाई की है। जांच समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद भवन निर्माण करने वाली कार्यदायी संस्था मेसर्स मोहम्मद अलीम पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने वाली थर्ड पार्टी एजेंसी बीएलजी पर भी पांच लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित फर्मों को काली सूची में डालने की कार्रवाई की जा सकती है।

नगर निगम के जोन संख्या एक स्थित खुल्दाबाद कार्यालय के निर्माण के दौरान भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। घटना की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त ने तत्काल जांच के निर्देश देते हुए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति ने मौके की जांच कर अपनी रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता जांच में कमी के मामले में कार्रवाई की गई है।

अभियंताओं से भी मांगा जवाब

नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में कथित लापरवाही के संबंध में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कार्यदायी संस्था मेसर्स मोहम्मद अलीम से पूछा है कि निर्माण में लापरवाही के लिए उस पर जुर्माना लगाने के साथ फर्म को काली सूची में क्यों न डाल दिया जाए।

वहीं, थर्ड पार्टी एजेंसी बीएलजी को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि निर्माणाधीन भवन की समय पर और गुणवत्तापूर्ण जांच क्यों नहीं की गई। एजेंसी से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

नमूनों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई

नगर निगम ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी एजेंसी राइट्स को भेजे हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त साई तेजा ने बताया कि खुल्दाबाद जोनल कार्यालय के निर्माणाधीन भवन के क्षतिग्रस्त होने के मामले में जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कार्यदायी संस्था और थर्ड पार्टी एजेंसी पर अर्थदंड लगाया गया है। संबंधित अभियंताओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्माण सामग्री के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट और संबंधित पक्षों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766790 Articles

Share this story