प्रयागराज में 500 बेड के मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल की राह हुई आसान

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में 500 बेड के मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल की राह हुई आसान


प्रयागराज में 500 बेड के मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल की राह हुई आसान


नगर निगम और पार्क मेडी वर्ल्ड के बीच अनुबंध, करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

प्रयागराज, 30 सितंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध संगम नगरी में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। नैनी के जहांगीराबाद, वार्ड संख्या 31 में 500 बेड के मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण की राह आसान हो गई है। इसके लिए नगर निगम प्रयागराज और पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स) के बीच अनुबंध किया गया है। करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल का निर्माण 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना के लिए करीब 75 करोड़ रुपये नगर निगम के म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि शेष धनराशि संबंधित कंपनी द्वारा लगाई जाएगी। अस्पताल में आधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे प्रयागराज और आसपास के लोगों को उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने बुधवार को बताया कि 500 बेड का मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल प्रयागराज की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नगर निगम की ओर से परियोजना को निर्धारित समयसीमा में आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अस्पताल के निर्माण से शहरवासियों को आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नवरात्र में भूमि पूजन की तैयारी

महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नवरात्र के दौरान भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। 24 माह में अस्पताल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अस्पताल के निर्माण से गंभीर बीमारियों और विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए लोगों को बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है। परियोजना के पूरा होने पर प्रयागराज में स्वास्थ्य सेवाओं का आधारभूत ढांचा और मजबूत होगा।

अनुबंध के अवसर पर नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, मुख्य अभियंता जनकार्य दिनेश चंद्र सचान, पार्क मेडी वर्ल्ड के कंपनी सेक्रेटरी अभिषेक कपूर और सीनियर जनरल मैनेजर डॉ. सत्यम गुप्ता

मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story