प्रयागराज एयरपोर्ट का नाम महामना मदन मोहन मालवीय के नाम पर हो, प्रमुख शहरों से मिले हवाई संपर्क : उज्ज्वल रमण सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज एयरपोर्ट का नाम महामना मदन मोहन मालवीय के नाम पर हो, प्रमुख शहरों से मिले हवाई संपर्क : उज्ज्वल रमण सिंह


सांसद ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री को लिखा पत्र, उड़ान योजना में अल्पसेवित हवाई अड्डे का दर्जा मिलने से नई सेवाओं की उम्मीद

प्रयागराज, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रयागराज एयरपोर्ट का नाम महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर रखा जाए और इसे देश के प्रमुख शहरों से हवाई मार्ग के जरिए जोड़ा जाए। सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने इस संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर मांग की है। उन्होंने प्रयागराज से कोलकाता, हैदराबाद, पुणे, श्रीनगर और जम्मू के लिए नई उड़ानें शुरू करने के साथ दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त विमान सेवा शुरू करने का भी अनुरोध किया है। केंद्र सरकार की उड़ान योजना के अगले चरण में प्रयागराज एयरपोर्ट को अल्पसेवित हवाई अड्डे की श्रेणी में शामिल किए जाने से इन मांगों के पूरा होने की उम्मीद बढ़ी है। उक्त जानकारी शुक्रवार को सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने दी।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने सांसद को पत्र भेजकर प्रयागराज से संचालित मौजूदा हवाई सेवाओं और भविष्य में कनेक्टिविटी बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी दी है। मंत्री के अनुसार, वर्तमान में इंडिगो, एलायंस एयर और अकासा एयर की ओर से प्रयागराज से बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, भुवनेश्वर और बिलासपुर के लिए कुल 42 साप्ताहिक उड़ानें संचालित की जा रही हैं।

केंद्र सरकार ने उड़ान योजना के अगले चरण में देश के 120 नए गंतव्यों को हवाई संपर्क से जोड़ने और आगामी 10 वर्षों में चार करोड़ यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत प्रयागराज एयरपोर्ट को अल्पसेवित हवाई अड्डे की श्रेणी में शामिल किया गया है, जिससे वह वर्तमान बोली प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र हो गया है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बोली प्रक्रिया के दौरान यदि कोई विमानन कंपनी प्रयागराज को जोड़ने वाले मार्गों पर क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उड़ान संचालन का वैध प्रस्ताव प्रस्तुत करती है तो निर्धारित नियमों और पात्रता मानकों के अनुसार उस पर विचार किया जाएगा।

विनय कुशवाहा ने कहा कि सांसद की पहल और प्रयागराज एयरपोर्ट को उड़ान योजना में मिली पात्रता से संगमनगरी की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने की संभावना बनी है। नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776664 Articles

Share this story