प्रयागराज से प्रमुख शहरों के लिए और उड़ानें शुरू हों, नाइट लैंडिंग की सुविधा मिले : उज्ज्वल रमण सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज से प्रमुख शहरों के लिए और उड़ानें शुरू हों, नाइट लैंडिंग की सुविधा मिले : उज्ज्वल रमण सिंह


केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से मिले प्रयागराज और फूलपुर के सांसद, एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग

प्रयागराज, 13 अगस्त (हि.स.)। प्रयागराज की बढ़ती जरूरतों और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों के लिए अधिक से अधिक उड़ानें शुरू की जानी चाहिए। साथ ही प्रयागराज एयरपोर्ट पर रात में विमानों के उतरने और उड़ान भरने की सुविधा भी विकसित की जानी चाहिए। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ प्रयागराज के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यह मांग गुरुवार काे प्रयागराज सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल के साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात के दौरान रखी।

नई दिल्ली में हुई मुलाकात में दोनों सांसदों ने केंद्रीय मंत्री को मांगों से संबंधित पत्र सौंपा। सांसदों ने कहा कि प्रयागराज धार्मिक और पौराणिक महत्व का शहर होने के साथ हाईकोर्ट और शिक्षा का भी प्रमुख केंद्र है। यहां की आबादी बड़ी है और बड़ी संख्या में छात्र, तकनीकी विशेषज्ञ, कारोबारी और अन्य लोग देश के अलग-अलग शहरों में आवागमन करते हैं। ऐसे में प्रयागराज से प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त हवाई सेवाएं उपलब्ध होना जरूरी है।

सांसदों ने कहा कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज से बड़ी संख्या में उड़ानें संचालित की गई थीं, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिली। इसी तरह नियमित दिनों में भी देश के प्रमुख शहरों के लिए पर्याप्त उड़ानें उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि प्रयागराज एयरपोर्ट का आधारभूत ढांचा तैयार है, लेकिन समय के साथ उड़ानों की संख्या में कमी आई है। शनिवार को उड़ानों की उपलब्धता बहुत कम होना भी यात्रियों के लिए चिंता का विषय है। आपात स्थिति में किसी व्यक्ति को दूसरे शहर जाना पड़े तो पर्याप्त हवाई सेवा उपलब्ध नहीं होने से परेशानी होती है। इसलिए जनहित में उड़ानों की संख्या बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने प्रयागराज एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा विकसित करने की मांग भी रखी। सांसदों का कहना है कि रात में भी विमानों के संचालन की सुविधा मिलने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और प्रयागराज की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल और प्रयागराज सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने केंद्रीय मंत्री से प्रयागराज की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने दोनों सांसदों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रयागराज के विकास और जनसुविधाओं के लिए दोनों सांसदों का एक साथ केंद्रीय मंत्री से मिलना सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर प्रयास करना जनहित में एक अच्छा संदेश है। इससे प्रयागराज की हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story