प्रयागराज : गंगानगर पुलिस ने गुम हुए 251 मोबाइलों को बरामद कर मालिकों को किया सुपुर्द

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज : गंगानगर पुलिस ने गुम हुए 251 मोबाइलों को बरामद कर मालिकों को किया सुपुर्द


प्रयागराज : गंगानगर पुलिस ने गुम हुए 251 मोबाइलों को बरामद कर मालिकों को किया सुपुर्द


50.20 लाख रुपये आंकी गई कीमत, मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिले

प्रयागराज, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित गंगानगर जोन की सर्विलांस सेल पुलिस टीम ने गुम हुए 251 मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 50 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। सभी ने प्रयागराज पुलिस के प्रति आभार जताया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के निर्देशन में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सर्विलांस सेल गंगानगर की टीम ने लोगों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्रों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। मोबाइल फोन की तलाश में कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, सीईआईआर पोर्टल और लोकेशन ट्रैकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की मदद ली गई। इसके साथ ही कई स्थानों पर भौतिक सत्यापन भी कराया गया।

उन्होंने बताया कि सर्विलांस टीम की इस कार्रवाई से 251 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिल सके। मोबाइल फोन में लोगों का महत्वपूर्ण व्यक्तिगत डेटा भी रहता है। ऐसे में फोन की बरामदगी से न केवल उनकी आर्थिक क्षति बची, बल्कि महत्वपूर्ण डेटा की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल स्थानीय थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

ऐसे दर्ज कराएं मोबाइल गुम होने की शिकायत

पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन गुम होने पर संबंधित व्यक्ति को उसकी खरीद की रसीद और पहचान पत्र के साथ स्थानीय थाने पहुंचकर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। शिकायत दर्ज होने के बाद मोबाइल नंबर पर एक अनुरोध संख्या प्राप्त होती है। भविष्य में यदि कोई व्यक्ति उस मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता है तो इसकी सूचना संदेश के माध्यम से मिल सकती है। इसके बाद संबंधित थाने और पुलिस की मदद से मोबाइल फोन की बरामदगी कराई जा सकती है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में सर्विलांस सेल गंगानगर के प्रभारी उपनिरीक्षक सुखचैन तिवारी, मुख्य आरक्षी रबीश चंद्र यादव, अंगद गिरि, अनुग्रह वर्मा, कांस्टेबल राहुल यादव, अमित मिश्रा, अनुराग यादव, प्रदीप यादव, महिला कांस्टेबल प्रियंका पाल और कांस्टेबल पीयूष पंकज चौहान शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story