हर घर तिरंगा अभियान से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और इतिहास के प्रति मजबूत होता है सम्मान : डॉ. ए.के. वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और इतिहास के प्रति मजबूत होता है सम्मान : डॉ. ए.के. वर्मा


मेडिकल कॉलेज से एसआरएन अस्पताल तक निकली तिरंगा यात्रा, अमर शहीद रोशन सिंह की प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

प्रयागराज, 13 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के साथ स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। ऐसे आयोजनों से विशेष रूप से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। यह बातें मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. वर्मा ने गुरुवार को तिरंगा यात्रा के दौरान कही।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. वर्मा के नेतृत्व में निकली यात्रा में चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा सुबह आठ बजे मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य कार्यालय से शुरू हुई। प्रधानाचार्य ने यात्रा को रवाना करने के साथ स्वयं इसका नेतृत्व किया। यात्रा मेडिकल कॉलेज परिसर से मेडिकल चौराहा और महात्मा गांधी मार्ग होते हुए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर पहुंची। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘हर घर तिरंगा लहराएगा’ जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। तिरंगा लेकर आगे बढ़ रहे चिकित्सकों और विद्यार्थियों के उत्साह से मेडिकल कॉलेज से एसआरएन चिकित्सालय तक का मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

प्रधानाचार्य ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करना हमारी जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को देश की आजादी के संघर्ष और उसके लिए दिए गए बलिदानों की जानकारी होनी चाहिए। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित करते हैं।

यात्रा में उपप्रधानाचार्य डॉ. मोहित जैन, प्रमुख अधीक्षक डॉ. नीलम सिंह, अतिरिक्त प्रमुख अधीक्षक डॉ. जितेंद्र शुक्ला, डॉ. अनिल सिंह, डॉ. प्रबल नियोगी, डॉ. श्याम सुंदर, डॉ. विक्रम निगम, डॉ. सुबिया अंसारी, डॉ. रीना सचान, डॉ. मनीष मौर्य, डॉ. अनिल मौर्य, डॉ. कृष्णा पांडे, डॉ. निष्ठा सिंह और डॉ. भावना सिंह सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में संकाय सदस्य शामिल रहे।

नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। उप प्रधानाचार्य डॉ. मोहित जैन ने बताया कि यह आयोजन छह से 15 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की गतिविधियों का हिस्सा है। यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश प्रेम का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story