शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान : मनीष कुमार वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान : मनीष कुमार वर्मा


प्रयागराज में बनाए गए थे 152 मतदान केंद्र, पुलिस आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी ने भ्रमण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

प्रयागराज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया और जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रयागराज में चुनाव के लिए कुल 152 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

पुलिस आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी ने ज्वाला देवी इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस, किदवई मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज, हिम्मतगंज और लाला मनमोहनदास इंटर कॉलेज, झूंसी सहित अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान कार्य पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी का वर्जन

जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान केंद्रों पर अधिकारियों की तैनाती के साथ ही जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को लगातार भ्रमण कर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन का प्रयास रहा कि पूरी मतदान प्रक्रिया सकुशल संपन्न हो और मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story