वाल्मीकि मंदिर में महर्षि वाल्मीकि जयंती का हाेगा भव्य समारोह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता होंगे मुख्य अतिथि

WhatsApp Channel Join Now
वाल्मीकि मंदिर में महर्षि वाल्मीकि जयंती का हाेगा भव्य समारोह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता होंगे मुख्य अतिथि


वाल्मीकि मंदिर में पूजन, आरती, गोष्ठी और भजन संध्या का होगा आयोजन, अध्यक्ष संदीप चौहान ने समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील की

प्रयागराज, 25 अक्टूबर (हि.स.)। आदि कवि भगवान महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर 26 अक्टूबर को ऋषिकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित वाल्मीकि मंदिर में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। दी ऑल इंडिया श्री वाल्मीकि यंग मैन एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस समारोह में आरती, पूजन, बच्चों का पुरस्कार वितरण, शोभायात्रा, गोष्ठी और भजन संध्या सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। शाम को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। समारोह में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता सहित विभिन्न अतिथि शामिल होंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप चौहान ने रविवार काे बताया कि संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के लोगों से समारोह में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

सुबह आरती और बच्चों को मिलेगा पुरस्कार

समारोह की शुरुआत 26 अक्टूबर को सुबह सात बजे होगी। युवा समाजवादी नेता संदीप यादव के नेतृत्व में भगवान महर्षि वाल्मीकि की आरती और पूजन किया जाएगा। इसके बाद विद्यालय के बच्चों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे और प्रसाद वितरण होगा।

दोपहर तीन बजे विश्व हिंदू परिषद के पूर्व महानगर मंत्री पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूजन-अर्चन और गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंदिर परिसर में श्रीमती निर्मला की मंडली की ओर से भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथियों का सम्मान

शाम सात बजे उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार गायन की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता सहित अन्य अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। अतिथियों के उद्बोधन के साथ समारोह के कार्यक्रम आगे बढ़ेंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप चौहान ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी रचनाएं समाज को प्रेरणा देती हैं। जयंती समारोह के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766782 Articles

Share this story