ओटीएस की समय-सीमा बढ़ने से हजारों करदाताओं को मिलेगी राहत : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
ओटीएस की समय-सीमा बढ़ने से हजारों करदाताओं को मिलेगी राहत : गणेश केसरवानी


14 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन, महापौर ने मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री का जताया आभार

प्रयागराज, 15 नवंबर (हि.स.)। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की समय-सीमा एक महीने बढ़ाए जाने से प्रयागराज के हजारों भवन स्वामियों और करदाताओं को राहत मिलेगी। अब नागरिक 14 दिसंबर 2026 तक योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे और ब्याज व सरचार्ज में मिलने वाली छूट का लाभ उठाकर अपना बकाया कर जमा कर सकेंगे। यह बातें महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने रविवार को योजना की समय-सीमा बढ़ाए जाने पर कहीं।

महापौर ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा (अरविंद कुमार शर्मा) के प्रति प्रयागराज की जनता की ओर से आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय-सीमा बढ़ने से उन हजारों नागरिकों को अतिरिक्त अवसर मिला है, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित अवधि में अपना पंजीकरण नहीं करा सके थे या बकाया कर जमा नहीं कर पाए थे।

महापौर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने नगरीय निकायों में लंबित संपत्ति कर (गृहकर, जलकर, सीवरकर और जलमूल्य) की वसूली के लिए संचालित एकमुश्त समाधान योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर 2026 से बढ़ाकर 14 दिसंबर 2026 कर दी है। इसके साथ ही प्राप्त आवेदनों के अंतिम निस्तारण की समय-सीमा भी 15 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 15 जनवरी 2027 कर दी गई है।

महापौर ने प्रयागराज के सभी भवन स्वामियों और करदाताओं से अपील की कि वे सरकार की ओर से मिले इस अतिरिक्त अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। जिन लोगों ने अभी तक योजना में आवेदन नहीं किया है, वे अपने नजदीकी नगर निगम जोनल कार्यालय में जाकर जल्द आवेदन करें और ब्याज एवं सरचार्ज में मिलने वाली छूट का लाभ लेते हुए अपने लंबित करों का निस्तारण कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story