राष्ट्रवाद के वैचारिक दर्शन के कमल पुष्प थे पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रवाद के वैचारिक दर्शन के कमल पुष्प थे पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी : गणेश केसरवानी


राष्ट्रवाद के वैचारिक दर्शन के कमल पुष्प थे पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी : गणेश केसरवानी


प्रयागराज की फिजाओं में सदैव जीवित रहेंगे पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी, उनकी सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता

प्रयागराज, 10 नवंबर (हि.स.)। पूर्व राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी राष्ट्रवाद के वैचारिक दर्शन के कमल पुष्प थे। उनके विचार, सिद्धांत और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव समाज को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने प्रयागराज को नई पहचान देने के साथ शहर के विकास की मजबूत नींव रखी। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं। वह मंगलवार को बैरहना स्थित परिणय गेस्ट हाउस में पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी की 93वीं जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

जन्मदिन आयोजन समिति की ओर से पूर्व पार्षद शिवेंद्र मिश्रा के संयोजन में आयोजित समारोह में अतिथियों और उपस्थित लोगों ने पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि संविधान के मर्मज्ञ, संवेदनशील व्यक्तित्व और सहृदय कवि भी थे। उनके लिए संविधान की मर्यादा और जनता की सेवा सर्वोपरि थी। उन्होंने प्रयागराज में विकास की धारा को गति देने के साथ शहर के गौरव को आगे बढ़ाया। तीन बार विधानसभा अध्यक्ष के रूप में दायित्व निभाने के साथ पश्चिम बंगाल, मेघालय, बिहार, त्रिपुरा और मिजोरम के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं देकर प्रयागराज का गौरव बढ़ाया। उनके विचारों में राष्ट्रवाद की भावना समाहित थी। महापौर ने कहा कि पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी ने प्रयागराज को नई पहचान दी। उनकी सेवाओं और योगदान को यहां की जनता कभी नहीं भूलेगी। वह प्रयागराज की फिजाओं में सदैव जीवित रहेंगे।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और भाजपा नेता नीरज त्रिपाठी ने कहा कि पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी संगठन के कुशल शिल्पकार थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का उदाहरण है।

इसके अलावा राधेश्याम गोस्वामी, बब्बूराम द्विवेदी, राजेश पांडेय और रामजी केसरवानी सहित अन्य वक्ताओं ने भी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद शिवेंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर व्रतशील शर्मा, गिरीशंकर प्रभाकर, बृजेश मिश्रा, प्रमोद मोदी, राजेश केसरवानी, पार्षद मुकेश कसेरा, पार्षद रितेश मिश्रा, पार्षद रुद्रसेन जायसवाल, पार्षद आशीष द्विवेदी, जयश्री जायसवाल, छाया देवी, अर्चना वर्मा, अलका सक्सेना, मनोज मिश्रा, सतीश राव, नीरज केसरवानी, विकास चौरसिया, अजय अग्रहरि, अर्चिता वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775054 Articles

Share this story