स्वच्छ और व्यवस्थित प्रयागराज के लिए नगर निगम के बढ़ाए जा रहे हैं संसाधन : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ और व्यवस्थित प्रयागराज के लिए नगर निगम के बढ़ाए जा रहे हैं संसाधन : गणेश केसरवानी


स्वच्छ और व्यवस्थित प्रयागराज के लिए नगर निगम के बढ़ाए जा रहे हैं संसाधन : गणेश केसरवानी


15 नए वाहनों को महापौर ने पूजा-अर्चना के बाद दिखाई हरी झंडी, सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं को मिलेगी गति

प्रयागराज, 24 अक्टूबर (हि.स.)। प्रयागराज को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम अपने संसाधनों में लगातार वृद्धि कर रहा है। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर निगम के बेड़े में 15 नए वाहन शामिल किए गए हैं। शनिवार को महापौर गणेश केसरवानी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि शहर की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नगर निगम की कार्यक्षमता बढ़ाना और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना जरूरी है। नए वाहनों के शामिल होने से नगर निगम के कार्यों में तेजी आएगी और शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता सहित अन्य नगरीय सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नगरीय सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रयागराज नगर निगम भी शहर के विकास, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतार रहा है।

नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील

महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों का सामूहिक सहयोग आवश्यक है।

उन्होंने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और स्वच्छता संबंधी प्रयासों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। महापौर ने कहा कि नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों का सहयोग भी स्वच्छ प्रयागराज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर पार्षद पंकज जायसवाल, अमित सिंह बबलू, बबलू रघुवंशी, रितेश मिश्रा, कुसुम लता, नीरज टंडन, आशीष द्विवेदी और बाल राज पटेल सहित मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, मुख्य अभियंता जनकार्य दिनेश चंद्र सचान, अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, शादाब असलम और राजीव शुक्ला तथा अवर अभियंता राम सक्सेना सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story