श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता : गणेश केसरवानी
कार्तिक मेले से पहले दुरुस्त हों घाटों की व्यवस्थाएं, सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और शुद्ध पेयजल पर जोर
प्रयागराज, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कार्तिक मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं, ताकि स्नान और पूजन-अर्चन के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने शुक्रवार को आगामी कार्तिक मेले की तैयारियों के मद्देनजर घाटों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए।
महापौर ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कराई जाए तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। खराब लाइटों को भी समय रहते ठीक कराया जाए।
महिलाओं की सुविधा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने घाटों पर चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्तिक मेले के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रयागराज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में कार्तिक मास का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करें।
निरीक्षण में ये रहे मौजूद
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद रूद्र सेन जायसवाल, अरुण सिंह चौहान, राजू पाठक, गिरिजेश मिश्रा, वेदपति पांडे, अंकुश शर्मा, मोनू, शुभम वैद्य, प्रियम वैद्य और शांतनु शर्मा सहित नगर निगम के अवर अभियंता राम सक्सेना तथा विद्युत विभाग के अवर अभियंता दीपक कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

