आधुनिक जल संरचना से मजबूत होगी पेयजल व्यवस्था : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक जल संरचना से मजबूत होगी पेयजल व्यवस्था : गणेश केसरवानी


आधुनिक जल संरचना से मजबूत होगी पेयजल व्यवस्था : गणेश केसरवानी


अल्लापुर में 2000 किलोलीटर क्षमता के भूमिगत जलाशय का महापौर ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास, 28 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

प्रयागराज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शहरवासियों को स्वच्छ, पर्याप्त और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। पुराने और जर्जर जल ढांचों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर उनकी जगह आधुनिक और सुरक्षित जलापूर्ति संरचनाएं तैयार की जा रही हैं। इससे पेयजल व्यवस्था मजबूत होने के साथ भविष्य की जरूरतों को भी पूरा करने में मदद मिलेगी। यह बातें शनिवार को अल्लापुर वार्ड के बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम में 2000 किलोलीटर क्षमता के भूमिगत जलाशय के निर्माण के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास करने के बाद प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।

महापौर ने कहा कि करीब 8.06 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस जलाशय का निर्माण अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद करीब 28 हजार लोगों को बेहतर और सुचारु पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि गर्मी के मौसम से पहले क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए किसी भी क्षेत्र के नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जा रहा है।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम में वर्तमान में करीब 40 वर्ष पुराना 12 लाख लीटर क्षमता का ऊपरी जलाशय है। इसकी स्थिति जर्जर हो चुकी थी। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज से कराई गई तकनीकी जांच में इसे वर्तमान उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुराने जलाशय को हटाने का निर्णय लिया गया है।

इसके स्थान पर बनने वाले भूमिगत जलाशय से क्षेत्र में पानी के भंडारण और वितरण की क्षमता बढ़ेगी। नगर निगम और जलकल विभाग की ओर से पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद द्रौपदी देवी, विनय मिश्रा सिंह, सचिन मिश्रा, आशीष द्विवेदी, स्वारिका भारद्वाज, भोला तिवारी, सेवक सिंह पटेल, श्याम चंद्र हेला, सत्य प्रकाश मिश्रा, सुभाष चंद्र वैश्य, राजेंद्र पांडेय, बिल्लू श्रीवास्तव, मंजीत तिवारी, मनीष धर दुबे, अवनीश उपाध्याय, सतीश मिश्रा, कमलेश गुप्ता, कमलेश तिवारी, सुरेश गिरी, राजू पाठक, राहुल सिंह राणा, नितिन दुबे, शिरीष चंद्र दुबे और यश विक्रम त्रिपाठी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर महाप्रबंधक जलकल संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता संदीप उपाध्याय, जेई जेबा अख्तर, अवर अभियंता अमित राज, अधिशासी अभियंता सौरभ कुमार, सुधीर कुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद शाहिद और प्रभात मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story